आगरालीक्स…अपनी दुकानों की चाबियां नगर निगम में जमा कर जाएंगे…आगरा में ट्रेड शुल्क के विरोध में व्यापारियों की चेतावनी. मेयर के आश्वासन पर अगली कार्यकारिणी तक टाला आंदोलन
ट्रेड लाइसेंस शुल्क के विरोध में चल रहे आंदोलन के बीच आगरा सर्राफा एसोसिएशन के नेतृत्व में व्यापारियों ने नगर निगम पहुंचकर मेयर हेमलता दिवाकर से भेंट की और प्रस्तावित शुल्क के खिलाफ अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। इस दौरान मेयर ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि आगामी कार्यकारिणी बैठक में ट्रेड लाइसेंस शुल्क को पूरी तरह समाप्त कर दिया जाएगा। मेयर के इस आश्वासन के बाद आगरा सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष नितेश अग्रवाल ने बताया कि फिलहाल व्यापारियों द्वारा प्रस्तावित नगर निगम में विरोध प्रदर्शन को स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों ने सद्भावना दिखाते हुए मेयर के वचन पर विश्वास जताया है, लेकिन साथ ही यह भी स्पष्ट कर दिया है कि यदि अगली कार्यकारिणी बैठक में ट्रेड लाइसेंस शुल्क समाप्त करने की औपचारिक घोषणा नहीं की गई, तो व्यापारी पुनः आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
नितेश अग्रवाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसी स्थिति में सर्राफा व्यापारी अपनी दुकानों की चाबियां नगर निगम में जमा करेंगे और सड़कों पर उतरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
अशोक कुमार अग्रवाल और बृज मोहन रैपुरिया ने कहा कि टर्नओवर आधारित ट्रेड लाइसेंस शुल्क सर्राफा व्यापार के लिए पूरी तरह अव्यावहारिक है, क्योंकि सोना-चांदी की ऊंची कीमतों के चलते कागजी टर्नओवर अधिक दिखाई देता है, जबकि वास्तविक लाभ सीमित होता है। ऐसे में यह शुल्क छोटे और मध्यम व्यापारियों के लिए भारी आर्थिक बोझ साबित होगा। इस अवसर पर व्यापारियों ने एकजुट होकर मेयर से मांग की कि व्यापारिक हितों को ध्यान में रखते हुए इस प्रस्ताव को शीघ्र समाप्त किया जाए, ताकि बाजार में अनावश्यक असंतोष की स्थिति न बने।
इस दौरान प्रमुख रूप से नितेश अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, बृजमोहन रेपुरिया, मनोज गुप्ता, मयंक अग्रवाल, गणेश चंद्र गोयल, राजकुमार अग्रवाल, अनिल मित्तल, पवन कुमार वर्मा, विजय अग्रवाल, जुगल अग्रवाल, अनिल नागवानी, प्रमोद मेडतवाल, संजय गुप्ता, सुरेश लवानिया, अभिमन्यु वर्मा आदि उपस्थित रहे।