आगरालीक्स…आगरा में 15 स्कूलों के 120 मेधावी स्टूडेंट्स ने आरबीएस में वैज्ञानिक शोध प्रयोगशाला में किया भ्रमण. भविष्य में कैसे इसे कॅरियर बना सकते हैं, इसकी ली जानकारियां
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश सरकार के विज्ञान लोकप्रियकरण एवं संचार कार्यक्रम के अंतर्गत जिला विज्ञान क्लब आगरा के तत्वाधान में कक्षा 9 से 12 तक के मेधावी विद्यार्थियों हेतु वैज्ञानिक शोध प्रयोगशाला का भ्रमण एवं वैज्ञानिक व्याख्यान का आयोजन राजा बलवंत सिंह इंजीनियरिंग टेक्निकल केंपस बिचपुरी ,आगरा एवं डाबर फुटवियर इंडस्टरीज सिकंदरा में जिला अधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी, मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह एवं जिला विद्यालय निरीक्षक आगरा चंद्रशेखर की सहमति एवं मार्गदर्शन में संयुक्त रूप से किया गया।
इसमें जनपद के 15 विद्यालय से आए 120 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। समन्वयक डॉ. निखिल जैन ने बताया कि इस भ्रमण का उद्देश्य छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण उत्पन्न करना व साथ ही अन्य महत्वपूर्ण संबंधित जानकारी से विद्यार्थियों को लाभान्वित कराना है। संस्थान की डॉ. मोनिका सिंह एवं डॉ.आशीष खरे ने विद्यार्थियों को व्याख्यान में इंजीनियरिंग व बायोटेक्नोलॉजी की विभिन्न ब्रांचो से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी से अवगत कराया और वह कैसे भविष्य में अपने करियर के रूप में अपनी इच्छा के अनुसार इसमें प्रवेश ले सकते हैं यह भी संक्षिप्त में समझाया। पूरा व्याख्यान विद्यार्थियों के लिए करियर विकल्पों से संबंधित सुअवसरों से भरा हुआ था जिसमें विद्यार्थियों ने भी आगे बढ़कर शिक्षकों से कई प्रश्न पूछे और जवाब मिलने पर अपनी कई समस्याओं का समाधान पाया।
फुटवियर इंडस्ट्री में विद्यार्थियों ने समझा कि हमारे घर तक पहुंचने वाले जूते-चप्पल कैसे तैयार किए जाते हैं और किस-किस प्रक्रिया से होकर यह फाइनल प्रोडक्ट के रूप में हम तक पहुंचते हैं। अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र व मेडल वितरित कर एक फीडबैक फॉर्म भरवाया गया जिससे उनके सुझावों व अर्जित ज्ञान की जानकारी का पता लगाया जा सके। भ्रमण के दौरान अर्चना यादव, अंजली,अंजली शर्मा, वंदना मैसी,अदीबा खान, अमित जैन ,योगेंद्र पाल सिंह आदि उपस्थित रहे।