आगरालीक्स…तीन दिन ताजमहल में फ्री एंट्री, शुक्रवार को भी खुलेगा ताजमहल. शाहजहां उर्स पर असली कब्र देखने का भी मिलेगा मौका…
ताजमहल में मुगल बादशाह शाहजहां का 371वां उर्स 15 से 17 जनवरी तक मनाया जाएगा. तीन दिन तक चलने वाले आयोजन के दौरान पर्यटकों की फ्री एंट्री रहेगी. 15 और 16 जनवरी को दोपहर दो बजे के बाद से और फिर 17 जनवरी,शनिवार को पूरे दिन ताजमहल में पर्यटक निशुल्क प्रवेश कर सकेंगे. असली मजार का दीदार भी होगा. इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था का अलर्ट भी जारी किया गया है. हर आने जाने वालों की गतिविधि पर नजर रखी जाएगी.
1720 मीटर लंबी सतरंगी चादर चढ़ेगी
शाजहां उर्स के दौरान खुद्दाम ए रोजा कमेटी द्वारा चढ़ाई जाने वाली सर्वधर्म सद्भाव की प्रतीक सतरंगी चादर चढ़ाई जाएगी. यह चादर इस बार 1720 मीटर लंबी होगी. उर्स के अंतिम दिन सुबह कुलशरीफ और कुरानख्वानी होगी. फातिहा पढ़ा जाएगा. दिनभर चादरपोशी और पंखे चढ़ाए जाएंगे. कमेटी के अध्यक्ष हाजी ताहिरउद्दीन ताहिर के अनुसार इस बार चादर पिछले बार की चादर से 80 मीटर लंबी होगी.
असली कब्र देखने का मौका
उर्स में तहखाना में स्थित शाहजहां व मुमताज की कब्रों को पर्यटक देख सकेंगे. यह कब्रें केवल इन्हीं तीन दिन के लिए खोली जाती हैं.