आगरालीक्स…आगरा में स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को दी गई ट्रेनिंग. खाने—पीने के सामानों को कैसे स्वच्छता के मानक में तैयार करें, ग्राहकों से किस तरीके से बात की जाए…
आगरा के सूरसदन में रविवार को भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की ओर से स्ट्रीट फूड विकेताओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें सभी फूड विक्रेताओं को जानकारी दी गई कि वो अपने खाने—पीने के सामानों को स्वच्छता के साथ तैयार करें, मिलावट रहित करें और उच्च गुणवत्तायुक्त तैयार करें. इसके अलावा ग्राहकों के साथ सौम्य एवं जिम्मेदार व्यवहार रखने संबंधी प्रशिक्षण दिया गया. कार्यशाला में जनपद के एक हजार से अधिक स्ट्रीट फूड विक्रेताओं ने सहभागिता की.
कार्यशाला का शुभारंभ केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो एसपी सिंह बघेल और विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल द्वारा किया गया. इस अवसर पर संयुक्त निदेशक (प्रशिक्षण प्रभाग) एफएसएसएआई अंकेश्वर मिश्रा, नगर मजिस्ट्रेट वेद सिंह चौहान, सहायक आयुक्त (खाद्य) उत्तर प्रदेश एफएसडीए सैयद शाहनाज हैदर आबिदी, एफएसएसएआई की प्रबंधक निमिशा तोमर तथा सहायक आयुक्त (खाद्य–II) उत्तर प्रदेश एफएसडीए महेंद्र श्रीवास्तव आदि अधिकारी उपस्थित रहे.
केंद्रीय राज्य मंत्री बघेल ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले रेहड़ी–पटरी वेंडरों को स्वच्छता, गुणवत्ता और ईमानदारी के साथ खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की शपथ दिलाई तथा उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया. यह कार्यशाला ‘स्वस्थ भारत, सुरक्षित आहार’ की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुई, जिससे न केवल आम नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध होगा, बल्कि स्ट्रीट फूड विक्रेताओं की आजीविका भी सशक्त होगी.