आगरालीक्स…आगरा में हाइवे पर मेट्रो ट्रैक के लिए एरखा गया पहला यू गर्डर. खंदारी से सिकंदरा के बीच एलिवेटेड चलेगी मेट्रो. जानिए कितना काम है अभी यहां बाकी…
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन द्वारा प्रथम कॉरिडोर के शेष ऐलिवेटेड भाग में तेज गति के साथ निर्माण कार्य किया जा रहा है। रविवार को यूपी मेट्रो ने इस भाग में पहले यू गर्डर का सफलतापूर्वक परिनिर्माण किया। इस दौरान आगरा मेट्रो के परियोजना निदेशक श्री अरविंद कुमार राय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। यू गर्डर रखने के लिए 500 टन की दो क्रेनों की मदद से यू गर्डर को उठाकर पियरकैप पर रखा जाता है। यह प्रक्रिया कुशल इरेक्शन इंजीनियरों की निगरानी में किया जाता है। इस सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाता है।

बता दें कि प्रथम कॉरिडोर के शेष ऐलिवेटेड भाग (आईएसबीटी से सिकंदरा) में कुल 654 पाइल, 150 पाइलकैप एवं 150 पियर का निर्माण किया जाना है। जिसमें से अब तक 293 पाइल, 50 पाइलकैप एवं 37 पिलर का निर्माण किया जा चुका है। इसके साथ ही यूपी मेट्रो द्वारा इस भाग में कुल 124 पियरकैप का परिनिर्माण किया जाना है, जिसमें से अब तक 27 पियरकैप सफलतापूर्वक रखे जा चुके हैं। इस भाग के लिए अरतौनी स्थित कास्टिंग यार्ड में पियरकैप, यू गर्डर आदि की कास्टिंग की जा रही है।
ताज ईस्ट गेट से सिकंदरा के बीच प्रथम कॉरिडोर में ताज ईस्ट गेट से मनःकामेश्वर मेट्रो स्टेशन तक सफलतापूर्वक मेट्रो का संचालन किया जा रहा है। वहीं, इस कॉरिडोर के शेष भूमिगत भाग में निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। शेष चार भूमिगत स्टेशनों का सिविल निर्माण पहले ही पूरा किया जा चुका है, फिलहाल यहां फिनिशिंग एवं सिस्टम आदि का काम किया जा रहा है। इस भाग में टनल निर्माण कार्य भी अंतिम चरण में है।
