आगरालीक्स…आगरा के रेलवे स्टेशनों पर बेवजह चेन खींचकर ट्रेनों को रोकने वाले 66 लोगों पर लगाया जुर्माना. कइयों को अरेस्ट कर की गई कार्रवाई
रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं वाणिज्य विभाग द्वारा अनावश्यक अलार्म चेन पुलिंग (ACP) की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने हेतु विशेष सघन संयुक्त अभियान संचालित किया जा रहा है. इस अभियान के अंतर्गत आगरा मंडल के विभिन्न रेल खंडों, प्रमुख स्टेशनों एवं ट्रेनों में नियमित रूप से सघन जांच, निगरानी एवं जागरूकता गतिविधियाँ की जा रही हैं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ ट्रेनों के समयबद्ध एवं निर्बाध संचालन को बनाए रखा जा सके। अलार्म चैन पुलिंग का स्टेशनो पर निरंतर उद्घोषणा की जा रही है और बैनर पोस्टर के माध्यम से प्रचार किया जा रहा है कि अनावश्यक चैन पुलिंग ना करे RDN स्क्रीन के माध्यम से आमजन को जागरूक किया जा रहा है.इसी क्रम में 18 फरवरी से 23 फरवरी तक अभियान के दौरान अनावश्यक अलार्म चेन पुलिंग के कुल 66 मामलों का पता लगाते हुए संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई तथा लगभग रु. 33,390/- का जुर्माना वसूला गया। जांच के दौरान गाड़ी संख्या 12195 पपरेरा –नदबई के मध्य, 18478 आगरा कैंट –राजा की मंडी के मध्य ,12716 बाद –फरह के मध्य, 12621 राजा की मंडी यार्ड, 12988 इकरन-भरतपुर, 12472 मथुरा जं. सहित विभिन्न स्थानों पर एसीपी की विशेष जांच की गई.
इसके अतिरिक्त गाड़ी संख्या 12621 राजा की मंडी यार्ड पर यात्री राकेश, 12195 पपरेरा –नदबई के मध्य पर यात्री भरत , गाड़ी संख्या 12724 आगरा कैंट स्टेशन स्टेशन पर यात्री हेमंत, गाड़ी संख्या 20404 मथुरा जं. पर यात्री महेश , गाड़ी संख्या 12629 में बिल्लोचपुरा –रुनकता के मध्य पर यात्री लकी , गाड़ी संख्या 12781आगरा कैंट पर यात्री कल्ली, गाड़ी संख्या 12618 मथुरा जं. पर यात्री निशांत द्वारा अनावश्यक रूप से अलार्म चेन पुलिंग किए जाने पर रेल सुरक्षा बल द्वारा मौके पर ही उन्हें गिरफ्तार कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की गई।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे केवल आपात स्थिति में ही अलार्म चेन पुलिंग का प्रयोग करें, अन्यथा यह दंडनीय अपराध है और इससे न केवल रेल संचालन प्रभावित होता है बल्कि अन्य यात्रियों को भी असुविधा का सामना करना पड़ता है; यात्रियों की सुरक्षा एवं बेहतर सेवा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के संयुक्त अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।