आगरालीक्स…Agra News : आगरा में 38 साल में इलाज और मिजाज से पहचान बनाने वाले वरिष्ठ न्यूरोसर्जन डॉ. आरसी मिश्रा नोएडा हुए शिफ्ट, उनके अनुभव और क्या है आपकी राय। ( Agra News : 71 year old Neurosurgeon Dr. RC Mishra shift from Agra to Mahanandan Hospital Greater Noida, 25000 surgery in 40 Years#Agra)
आगरा में 11 अप्रैल 1986 को एसएन मेडिकल कॉलेज में ज्वाइन करने वाले वरिष्ठ न्यूरोसर्जन और न्यूरोलॉजिकल सोसाइटी आफ इंडिया के पूर्व अध्यक्ष रह चुके डॉ. आरसी मिश्रा के लिए साल के अंतिम दिन आज मंगलवार 31 दिसंबर 2024 विदाई दी गई। आगरा में वे 38 साल रहे, 71 साल की उम्र में अब आगरा को छोड़कर महानंदन सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल, ग्रेटर नोएडा शिफ्ट हो रहे हैं। यह 250 बेड का सुपरस्पेशियलिटी उनका अपना हॉस्पिटल है।
न्यूरोसर्जरी देखी और समझ में आ गया बनना तो न्यूरोसर्जन ही है
वरिष्ठ न्यूरोसर्जन डॉ. आरसी मिश्रा के न्यूरोसर्जरी के किताब के पन्ने खुले तो शुरूआत जौनपुर के गांव में पेड़ के नीचे बैठकर कक्षा पांच तक की पढ़ाई। इसके बाद नाव और नहर के किनारे पैदल नौ किलोमीटर चलकर इंटरमीडिएट और पीएमटी सफल होने के बाद जीएसवीएम मेडिकल कालेज कानपुर में प्रवेश के दौरान सामने आई आर्थिक तंगी के बाद भी डॉक्टर बनने का जुनून सामने आया। एमएस करने के बाद खाड़ी देश में प्रैक्टिस करने का प्लान बनाया यहीं से न्यूरोसर्जरी की यात्रा शुरू हो गई। इसके लिए जीबी पंत हॉस्पिटल, दिल्ली में न्यूरोसर्जरी में सीनियर रेजीडेंट के पद पर 1600 रुपये प्रतिमाह पर ज्वाइन किया। पहली न्यूरोसर्जरी देखी और समझ में आ गया कि अब न्यूरोसर्जन ही बनना है। न्यूरोसर्जन बनने के बाद त्रिवेंदरम और उसके बाद तीन मेडिकल कॉलेज में ज्वाइन करने के आफर मिले लेकिन उत्तर प्रदेश का होने के चलते और एसएन पुराना मेडिकल कॉलेज था। इसलिए एसएन मेडिकल कॉलेज में 11 अप्रैल 1986 में ज्वाइन किया था। 24 अक्टूबर 2008 को एसएन मेडिकल कॉलेज छोड़ दिया और एक निजी अस्पताल में प्रैक्टिस करने लगे।
25 हजार न्यूरोसर्जरी कीं, आगरा ने सब कुछ दिया
वरिष्ठ न्यूरोसर्जन डॉ. आरसी मिश्रा का कहना है कि उन्होंने पहली न्यूरोसर्जरी 1984 में की थी, इन 40 साल में 25 हजार न्यूरोसर्जरी कर चुके हैं। एसएन की पहली सर्जरी हमेशा याद रहेगी। आगरा को छोड़ने पर कहा कि यह वह शहर है जिसने मुझे सब कुछ दिया है।
महानंदन हॉस्पिटल, ग्रेटर नोएडा में अब करेंगे न्यूरोसर्जरी
वरिष्ठ न्यूरोसर्जन डॉ.आरसी मिश्रा का कहना है कि उनके बेटे डॉ. शाश्वत मिश्रा, एम्स दिल्ली में न्यूरोसर्जरी विभाग में प्रोफेसर हैं अब वे अपने बेटे के परिवार के साथ नोएडा रहना चाहते हैं। इसलिए अपने दादा जी के नाम पर महानंदन सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल, ग्रेटर नोएडा में बनाया है। एक जनवरी 2025 से ग्रेटर नोएडा स्थित महानंदन हॉस्पिटल में ही मरीजों का इलाज और सर्जरी करेंगे।