आगरालीक्स…आगरा में कई नई कॉलोनियां बन रही हैं. आप प्लॉट लेना चाह रहे हैं तो पहले कॉलोनी की जांच कर लें. एडीए ने आज दो अवैध बन रही कॉलोनियों पर चलाया बुलडोजर…
आगरा में इस समय कई नई कॉलोनियां बन रही हैं. सोशल मीडिया पर आप कई नई कॉलोनियों के एडवरटाइजमेंट देख सकते हैं. यहां लोगों को सस्ती दरों पर और सभी सुविधाएं देने के वादे के साथ प्लॉट उपलब्ध कराने के वादे किए जा रहे हैं. लोग इनमें इंट्रेस्ट भी दिखा रहे हैं, लेकिन अगर आप किसी नई कॉलोनी में अपना प्लॉट लेना चाह रहे हैं तो सबसे पहले इसकी जांच कर लें कि वो कॉलोनी एडीए से पूरी तरह से एप्रूव्ड है या नहीं, अगर वो नहीं है तो आपको काफी नुकसान या परेशानी झेलनी पड़ सकती है. आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा इस समय अवैध कॉलोनियों व अवैध निर्माणों के खिलाफ जमकर एक्शन लिया जा रहा है. बुधवार को भी एडीए ने दो नई विकसित हो रही कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाया.

इन कॉलोनियों पर चलाया बुलडोजर
एडीए सचिव व प्रभारी गरिमा सिंह के निर्देश में सहायक अभियंता बृजेश कुमार के नेतृत्व में दो अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त किया गया. टीम ने शाहगंज वार्ड में मौजा लड़ामदा में 12500 वर्ग मीटर कृषि भूमि पर विकसित की जा रही अनाधिकृत कालोनी और मौजा मिढ़ाकुर में एमएस पब्लिक स्कूल के सामने आगरा-फतेहपुर सीकरी रोड पर ढाई बीघा कृषि भूमि पर बन रही अनाधिकृत कालोनी को ध्वस्त किया. एटीए की टीम ने यहां जेसीबी से अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया. इस दौरान पुलिस फोर्स भी मौजूद रहा.