आगरालीक्स…आगरा मेट्रो के लिए खंदारी से सिकंदरा तक 101 यू गर्डर सफलतापूर्वक रखे गए. तेज गति से चल रहा काम. जानिए हाइवे पर कितना काम बाकी..
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन द्वारा प्रथम कॉरडोर में जल्द से जल्द यात्री सेवाओं के विस्तार के संकल्प के साथ तेज गति से निर्माण कार्य किया जा रहा है। यूपी मेट्रो ने प्रथम कॉरिडोर के शेष ऐलिवेटेड भाग में 101 यू-गर्डर सफलतापूर्वक रख दिए हैं। प्रथम कॉरिडोर के शेष ऐलिवेटेड भाग ( खंदारी स्थित आरबीएस रैंप से सिकंदरा) में कुल 654 पाइल, 150 पाइलकैप एवं 150 पियर का निर्माण किया जाना है। जिसमें से अब तक 624 पाइल, 120 पाइलकैप एवं 108 पिलर का निर्माण किया जा चुका है।

इसके साथ ही अब तक 80 पियरकैप एवं 101 यू गर्डर का परिनिर्माण भी किया जा चुका है। इस भाग में कुल 124 पियरकैप एवं 272 यू गर्डर का परिनिर्माण किया जाना है। इस भाग के लिए अरतौनी स्थित कास्टिंग यार्ड में पियरकैप, यू गर्डर आदि की कास्टिंग की जा रही है।
बता दें कि यूपी मेट्रो द्वारा प्रथम कॉरिडोर में ताज ईस्ट गेट से मन:कामेश्वर मेट्रो स्टेशन तक आगरा मेट्रो का संचालन सफलतापूर्वक किया जा रहा है। इसके साथ ही इस कॉरिडोर के शेष भूमिगत में टनल निर्माण का कार्य पूर्ण होने के बाद ट्रैक आदि सिस्टम्स का काम किया जा रहा है। इस भाग के सभी 4 भूमिगत स्टेशनों का सिविल निर्माण पहले ही पूर्ण हो चुका है, फिलहाल, इस भाग में तेज गति के साथ स्टेशनों की फिनिशिंग का काम तेज गति के साथ किया जा रहा है।