आगरालीक्स…आगरा में सड़क पर बनी सब्जी मंडी पर चला नगर निगम का बुलडोजर. विरोध के बीच टास्क फोर्स और पुलिस ने हटवाया अतिक्रमण. कई सब्जी विक्रेताओं का सामान भी किया जब्त
आगरा में मंगलवार को फतेहाबाद रोड के बसई स्थित पर्यटन थाना रोड पर चल रही अवैध सब्जी मंडी पर नगर निगम का बुलडोजर चल गया. करीब एक किलोमीटर तक सब्जी विक्रेताओं ने इस रोड को घेर रखा था और चेतावनी के बावजूद भी यहां से हट नहीं रहे थे जिसके बाद मंगलवार को नगर निगम के टास्क फोर्स ने पुलिस की मौजूदगी में यहां अतिक्रमण हटाया और सड़क को कब्जामुक्त कराया. इस दौरान कई सब्जी विक्रेताओं ने विरोध भी किया लेकिन उनकी एक नहीं चली. अभियान में कई सब्जी विक्रेताओं का सामान भी जब्त कर लिया गया.ताजगंज थाना क्षेत्र के बसई स्थित पर्यटन थाना रोड पर लंबे समय से सड़क किनारे अवैध रूप से सब्जी मंडी चल रही थी. करीब एक किलोमीटर तक सब्जी विक्रेताओं ने रोड पर कब्जा कर रखा था. हाल ये था कि यहां से दोपहिया वाहन चालकों का निकलना भी मुश्किल था. नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि कई बार सब्जी विक्रेताओं को अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई लेकिन इसके बावजूद सड़क को खाली नहीं किया गया.
मंगलवार दोपहर को नगर निगम की टीम टास्क फोर्स और बुलडोरज के साथ यहां पहुंची. इस दौरान पुलिस बल भी यहां आ गया. नगर निगम के बुलडोजर ने अतिक्रमण को ध्वस्त करना शुरू कर दिया. कुछ सब्जी विक्रेताओं ने विरोध किया लेकिन टास्क फोर्स और पुलिस के आगे उनकी एक न चली. कई दुकानदारों का सामान जब्त कर लिया गया. नगर निगम ने पूरे रोड से अतिक्रमण हटाकर अभियान पूरा किया.