आगरालीक्स…आगरा हुआ शर्मशार..विदेशी पर्यटक का सामान, कैश, लैपटॉप, मोबाइल लेकर आटो चालक फरार. दस किलोमीटर का एक हजार रुपया किराया…
विदेशी पर्यटकों के साथ वारदात को लेकर आगरा एक बार फिर से शर्मशार हुआ है. ताजमहल देखने आए विदेशी पर्यटक का सामान, कैश, लैपटॉप और मोबाइल लेकर आटो चालक फरार हो गया. यही नहीं आटो चालक ने विदेशी पर्यटक से दस किलोमीटर तक का किराया करीब एक हजार रुपये तय किया. पर्यटक ने थाना कमला नगर में मुकदमा दर्ज कराया है.

ये है मामला
बेल्जियम के रहने वाले सेवी डिसिल्वा सोमवार सुबह दस बजे दिल्ली से रोडवेज बस में आगरा आए थे. आगरा आने पर वह सवारी आटो से सिकंदरा के लिए गए. यहां से उन्हें ताजमहल देखने जाना था. इस पर सिकंदरा चौराहे से ताजमहल के लिए एक आटो बुक किया. चालक ने एक हजार रुपये में ताजमहल पहुंचाने की बात कही. इस पर वो तैयार हो गए. आटो चालक उसे हाइवे से सुल्तानगंज की पुलिया होता हुआ लेकर जाने लगा. वाटरवर्क्स पर सेवी डिसिल्वा ने टॉयलेट के लिए आटो रुकवाया. उसका बैग आटो में ही रखा था.
बताया जाता है कि इसका फायदा उठाकर चालक बैग लेकर वहां से रफूचक्कर हो गया. पर्यटक ने काफी देर तक उसकी तलाश की लेकिनउसका कोर्ठ पता नहीं चल सका. बाद में पर्यटक ने लोगों की मदद से थाना कमला नगर में पहुंचकर इसकी शिकायत की. पुलिस ने पर्यटक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है.
पुलिस को दी जानकारी में पर्यटक ने बताया कि उसके दादा पूर्व में गोवा में रहते थे जबकि वो खुद बेल्जियम में बस गए. इस समय दादा की संपत्ति को बेचने के लिए इंडिया आया था. इस दौरान वह दिल्ली घूमने के लिए आया. ताजमहल देखने की इच्छा हुई इसलिए वह रोडवेज की बस से ही आगरा आ गए, मगर यहां आटो चालक ने उसे धोखा दे दिया. पर्यटक ने बताया कि बैग में लैपटॉप, मोबाइल, 2200 यूएस डॉलर और 47 हजार रुपये रखे हुए थे.