आगरालीक्स…आगरा में आटो चालक का दुस्साहस. स्कूल से घर जा रही छात्रा के साथ की छेड़छाड़, शोर मचाया तो चलते आटो से छात्रा को फेंका
आगरा में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. ताजगंज क्षेत्र में स्कूल से परीक्षा देकर घर जा रही एक 12 साल की छात्रा के साथ आटो चालक ने छेड़खानी की. आटो चालक रास्ता बदलकर ले जाने लगा. साहस दिखाकर छात्रा ने आरोपी आटो चालक का विरोध किया और शोर मचाना शुरू कर दिया. डर से आरोपी ने उसे चलते आटो से फेंक दिया. आसपास के गुजर रहे लोगों ने यह देखा तो आरोपी आटो चालक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी. इधर आटो से गिरने से छात्रा भी घायल हुई है उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है.ये है पूरा मामला
12 साल की छात्रा थाना एकता इलाके की रहने वाली है. वह कक्षा 6 में पढ़ती है. सोमवार सुबह वह पुरानी मंडी स्थित अपने स्कूल में परीक्षा देने के लिए गई थी. दोपहर 11 बजे परीक्षा होने के बाद वह घर के लिए निकली. कैलाश टाकीज के पास से उसने एक आटो को रुकवाया. उसमें पहले से तीन से चार लोग थे. बसई सब्जी मंडी के पास सवारियां उतर गईं और छात्रा अकेले आटो में रह गई. आरोप है कि इसका फायदा उठाकर आटो चालक ने उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी और हाथ पकड़ने लगा. इस पर छात्रा दहशत में आ गई और शोर मचाने लगी.
चलते आटो से दिया धक्का
छात्रा के शोर मचाने पर आरोपी आटो चालक ने उसे चलते आटो से धक्का दे दिया जिससे वो गिर गई. इधर छात्रा को आटो से गिरता देख वहां से गुजर रहे लोगों ने आगे जाकर पीछा करके आटो को रुकवा लिया. उन्होंने चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया.
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास का कहना है कि मामले में छात्रा की मां की तहरीर पर पोक्सो एक्ट सहित अन्य धारा में प्राथमिकी दर्ज की गई हे. आरोपी आटो चालक का नाम शमसुद्दीन निवासी गढ़ी नवलिया है. उससे पूछताछ की जा रही है. वह तोरा इलाके से ताजगंज तक आटो चलाता है.