आगरालीक्स…आगरा रीजन के फिरोजाबाद में दो बच्चों के शव मिलने से फैली सनसनी. एक का शव स्वीमिंग पूल में मिला तो दूसरे का तालाब में…हत्या का आरोप
आगरा मंडल के फिरोजाबाद जिले में शुक्रवार को अलग—अलग जगह दो बच्चों के शव मिलने से सनसनी फैल गई. इनमें एक लड़का और एक लड़की है और दोनों की उम्र 5 साल है. लड़का गुरुवार को लापता हुआ था जबकि लड़की मंगलवार को एक शादी समारोह के बाद से गायब थी. दोनों बच्चों के शव मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. दोनों ही मामलों में परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है.
पहला मामला
फिरोजाबाद के थाना उत्तर क्षेत्र के नगला पान सहाय में दलवीर सिंह रहते हैं. गुरुवार शाम को इनका 5 साल का बेटा किशन कुमार घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गया. परिजनों ने जब उसे तलाशा लेकिन कुछ पता नहीं चला. बाद में बच्चे का शव पास ही बने पूर्व प्रधान रामसनेही यादव के स्वीमिंग पूल में उतराता हुआ मिला. जानकारी पर परिजन और आसपास के लोग पहुंच गए. पूल में से बच्चे को बाहर निकाला और सरकारी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना पर थानाध्यक्ष सहित पुलिसबल मौके पर पहुंच गया. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. बच्चे के पिता दलवीर सिंह ने फरिहा निवासी आटो चालक पर हत्या का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि गुरुवार सुबह आटो चालक के साथ उसका झगड़ा हुआ था. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और जांच शुरू कर दी है.

दूसरा मामला
दूसरा मामला थाना बसई मोहम्मदपुर का है. यहां के गांव पहाड़पुर में रहने वाले सत्यस्वरूप की बेटी की शादी मंगलवार को थी. शादी में थाना रामगढ़ क्षेत्र के गांव रेपुरा निवासी कैलाश की पांच साल की बेटी तान्या भी परिजनों के साथ आई थी. देर रात करीब एक बजे वरमाला के दौरान तान्या कहीं गायब हो गई. परिजनों ने रातभर उसे तलाशा लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला. बुधवार सुबह इस मामले की सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस ने तान्या की तलाश में पास के तालाब में भी उसको तलाशा और तालाब को खाली भी कराया लेकिन कुछ पता नहीं चला. लेकिन आज शुक्रवार को तान्या का शव उसी तालाब में पड़ा मिला. पुलिस ने शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पिता कैलाश ने बेटी की हत्या कर शव तालाब में फेंकने का आरोप लगाया है. कैलाश ने बताया कि उसकी बेटी की जीभ बाहर निकल रही थी और हाथ रस्सी से बंधे हुए थे. पुलिस मामले की जांच कर रही है.