आगरालीक्स…आगरा की युवती को विदेशी युवक ने गिफ्ट में भेजा गोल्ड, आईफोन और 2500 पाउंड. युवती अब पुलिस के लगा रही चक्कर, जानें क्या है मामला
आगरा की एक युवती को विदेशी युवक के साथ इंस्टा पर दोस्ती करना महंगा पड़ गया. यूके के रहने वाले इस विदेशी दोस्त ने दिवाली पर युवती को 25 तोला सोना, आईफोन और 2500 पाउंड के साथ कीमती ड्रेस उपहार में भेजने की बात कही. इसके लिए वीडियो कॉल करके भी दिखाया लेकिन बाद में साइबर ठग ने कस्टम विभाग और सीबीआई अधिकारी बनकर युवती से 30 लाख रुपये ठग लिए. युवती ने अब साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है.
पीड़ित युवती थाना छत्ता के जीवनी मंडी में रहने वाली है. युवती ने बताया कि 17 अक्टूबर को उसके इंस्टाग्राम एकाउंट पर एक फ्रेंड रिक्वेस्ट आई. युवक ने खुद को डॉक्टर बताया. इसके बाद दोनों के बीच मोबाइल पर बात होने लगी. युवक ने युवती को दिवाली पर गिफ्ट भेजने की बात कही. उसने वीडियो कॉल पर युवती को 25 तोला सोना, एक आई फोन, दो लेडीज सूट, एक पर्स और 2500 पाउंड का पार्सल बनाते हुए दिखाया.
अगले दिन युवती के पास एक अंजान नंबर से व्हाट्सअप पर मैसेज आया जिसमें लिखा था कि डॉ. खान के भेजे गए पार्सल को कस्टम विभाग ने पकड़ लिया है. उस तुम्हें आकर छुड़ाना होगा. नहीं छुड़ाया तो इनकम टैक्स, कस्टम विभाग और सीबीआई का छापा डाला जाएगा. इस धमकी से युवती डर गई. बाद में उससे रुपयों की मांग की जाने लगी. डर के मारे युवती ने लॉकर में रखे सारा जेवर बेचकर रुपये इकट्ठे किए. कुछ उधार भी लिए और इस तरह करीब 30 लाख की रकम को आरोपी के भेजे गए खातों में भेज दिए. बाद में युवती को ठगी की जानकारी हुई तो उसने पुलिस में शिकायत की. पुलिस मामले की जांच कर रही है.