आगरालीक्स..उत्तर और दक्षिण बाईपास उपलब्ध है फिर भी भारी वाहन शहर से गुजारे जा रहे हैं, वो भी तब जब मेट्रो निर्माण कार्य ने हाईवे के हालात और भयानक कर दिए हैं! पढें, आगरा के वरिष्ठ अधिवक्ता ने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री को क्या पत्र लिखा है…
आगरा के वरिष्ठ अधिवक्ता केसी जैन ने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री को पत्र लिखा है। इसमें आग्रह किया है कि आगरा शहर में भारी वाहनों के अनियंत्रित प्रवेश को तुरंत नियंत्रित किया जाना चाहिए। कहा कि आगरा में सड़कों पर भयानक दुर्घटनाएं लगातार हो रही हैं। खासकर सिकंदरा, गुरुद्वारा गुरु का ताल क्रॉसिंग, सुल्तानगंज की पुलिया और रामबाग क्षेत्रों में। मेट्रो निर्माण कार्य के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) पर स्थिति और भी ज्यादा खतरनाक हो गई है। ऐसे में शहर के बीच से गुजरने वाले भारी वाहन स्थानीय नागरिकों की जान के लिए खतरा बन गए हैं। श्री जैन ने सुझाव दिया है कि NH-19 पर चल रहे भारी वाहनों को नॉर्दर्न व साउदर्न बाईपास मार्गों से अनिवार्य रूप से डायवर्ट किया जाए। इसके लिए उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग नियंत्रण अधिनियम, 2002 की धारा 31 व 35 का उपयोग करने की अपील की है। ऐसा करने से सड़क हादसों में कमी आएगी, शहर का यातायात सुगम होगा और आम नागरिक, विशेषकर बच्चे व बुज़ुर्ग सुरक्षित रहेंगे। हमारे पास जब बाईपास मार्ग उपलब्ध हैं तो हमें एक भी जान जोखिम में नहीं डालनी चाहिए। सड़कें सुविधाजनक ही नहीं, सुरक्षित भी होनी चाहिए।