आगरालीक्स…आगरा कॉलेज में विधि छात्रों को मानसिक स्वास्थ्य संस्था का कराया भ्रमण. प्रतिभागियों ने समझी कार्यप्रणाली. ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप कार्यक्रम में हुआ शैक्षाणिक भ्रमण…
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगरा के तत्वावधान में आज दिनांक 09 जून 2025 को आगरा कॉलेज, आगरा में ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप कार्यक्रम के अंतर्गत एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण एवं विधिक जागरूकता सत्रों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का पहला सत्र आयोजित हुआ,जिसमें प्रतिभागियों ने मानसिक स्वास्थ्य संस्थान एवं चिकित्सालय,आगरा का भ्रमण कर उसकी कार्यप्रणाली को समझा। यह सत्र विशेष रूप से मानसिक स्वास्थ्य कानूनों और व्यवस्थाओं की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करने हेतु आयोजित किया गया।इसके पश्चात सत्र में "महिला सशक्तिकरण के सन्दर्भ में लैंगिक न्याय" विषय पर कृष्णवीर यादव,फैकल्टी ऑफ लॉ,आगरा कॉलेज ने विस्तार से व्याख्यान दिया। उन्होंने महिलाओं के अधिकारों, विधिक संरक्षण और लैंगिक समानता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के सत्र में दिनेश कुमार चौरसिया, एडीजे/विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो अधिनियम), न्यायालय संख्या 29, आगरा द्वारा "पॉक्सो अधिनियम" पर विचार-विमर्श किया गया।उन्होंने अधिनियम की प्रमुख धाराओं, व्यावहारिक पक्षों तथा बच्चों की सुरक्षा के प्रति जागरूकता को विस्तारपूर्वक समझाया। इस सफल आयोजन में अरुण कुमार दीक्षित,कोऑर्डिनेटर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सक्रिय भूमिका रही।डॉ.मदन मोहन शर्मा,अध्यक्ष,श्री बांके बिहारी एजुकेशनल सोसाइटी, ने भी अपने प्रेरक विचारों से प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।
डॉ. दिव्यानंद द्विवेदी, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश / सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण,आगरा ने कहा कि “इस प्रकार के विधिक जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य न केवल छात्रों को व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है,बल्कि उन्हें समाज के कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशील बनाना भी है।मानसिक स्वास्थ्य,लैंगिक न्याय एवं बाल अधिकार जैसे विषय आज के समय की महत्त्वपूर्ण आवश्यकता हैं।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण निरंतर ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से विधिक शिक्षा और जनजागरूकता को बढ़ावा देता रहेगा।”