आगरालीक्स…सौतन बन गई पुलिसवाली. दो बच्चों के बाप से कर ली शादी. पत्नी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज…
दिल्ली की रहने वाली एक महिला ने आगरा की रहने वाली महिला सिपाही के खिलाफ शिकायत कर मुकदमा दर्ज कराया है. महिला का आरोप है कि महिला सिपाही ने उसके पति से शादी कर ली है इसके लिए दोनों ने अविवाहित होने का फर्जी शपथ पत्र भी दिया है जबकि उसका पति दो बच्चों का बाप है. न्यायिक आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पीडित महिला उत्तर पश्चिमी दिल्ली की रहने वाली है. उसने आगरा के शाहगंज की रहने वाली महिला सिपाही भावना और अपने पति नरेंद्र के खिलाफ मुकदमे में नामजद किया है. महिला सिपाही भावना ललितपुर में पोस्टेड है. दिल्ली की रहने वाली पीडित महिला का कहना है कि उसकी शादी 2006 में कागारौल के रहने वाले नरेंद्र से हुई थी. दोनों के दो बेटियां हैं. पति नरेंद्र की पहचान महिला सिपाही भावना से थी. पति भावना के पास आते जाते थे और वह खुद भी भावना से मिल चुकी है.
महिला का कहना है कि उसके पति नरेंद्र और महिला सिपाही के बीच प्रेम संबंध हो गए. दोनों ने उससे छुपाकर अगस्त 2019 में शादी कर ली. पति ने जिला विवाह अधिकारी को दिए कूटरचित प्रपत्रों से खुद को अविवाहित दिखाया. इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक नाई की मंडी प्रभुदयाल ने बताया कि न्यायिक आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है. साक्ष्यों के आधार पर एक्शन लिया जाएगा.