आगरालीक्स ..Agra News: .ताजमहल घूमने आ रहीं पांच छात्राओं की कार का एक्सीडेंट, एक छात्रा की मौत, दो बार पलटने के बाद 50 मीटर तक घसीटती चली गई कार। ( Agra News: Girl student died after truck hit car on Yamuna Expressway#Agra )
दिल्ली के मुखर्जी नगर में पीजी में रहकर तैयारी कर रहीं मुंबई की रहने वाली भूमि, पटना की रहने वाली आरती, पूजा, अर्चना, पूजा कुमारी ने ताजमहल घूमने का प्लान बनाया था। ट्रेन से आगरा आने के लिए उन्होंने मंगलवार सुबह कैब बुक कराई, दिल्ली स्टेशन पर पहुंची तब तक ट्रेन निकल चुकी थी, उन्होंने कैब चालक को फोन किया कहा कि वह ताजमहल घूमने जा रही हैं, ट्रेन छूट गई है वह कार से ले जा सकता है। इस पर 5500 रुपये में वह आगरा जाने के लिए तैयार हो गया। पांचों दोस्त कार से मंगलवार सुबह आगरा के लिए निकली।
एक्सप्रेसवे पर खंदौली टोल के पास हुआ हादसा
कार से पांचों छात्राएं दिल्ली से आगरा यमुना एक्सप्रेस वे से आ रहीं थी, खंदौली टोल प्लाजा के पास सौरई के नजदीक बगल से निकले ट्रक की चपेट में आने से कार दो बार पलटने के बाद 50 मीटर तक घसीटती चली गई। स्थानीय लोगों ने कार में फंसी छात्राओं को बाहर निकाला उन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
मुंबई की छात्रा की मौत
मुंबई की रहने वाली भूमि ड्राइवर के बगल की सीट पर बैठी थी उसके सिर में चोट लगी थी अन्य छात्राओं के मामूली चोट आई। छात्राओं को एसएन में भर्ती किया गया, इलाज के दौरान भूमि की मौत हो गई।