आगरालीक्स…ग्रेटर आगरा में हो दिल्ली के भारत मंडपम और नोएडा के एक्सपो मार्ट जैसा कन्वेंशन सेंटर. एडीए उपाध्यक्ष से की मांग
आगरा विकास प्राधिकरण की महत्वाकांक्षी एवं आधुनिक आवासीय योजना ‘ग्रेटर आगरा’ में वेडिंग सिटी एवं विश्वस्तरीय कन्वेंशन सेंटर की स्थापना को लेकर वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधि मंडल ने रायपुर रहनकला पर मंडलायुक्त आगरा नरेंद्र प्रताप सिंह एवं आगरा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एम. अरुनमोली से शिष्टाचार भेंट कर मांग पत्र सौंपा।इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि आगरा जैसे अंतरराष्ट्रीय पहचान वाले शहर में एक बड़े एवं अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर की अत्यंत आवश्यकता है। उन्होंने दिल्ली के भारत मंडपम और नोएडा के एक्सपो मार्ट का उदाहरण देते हुए कहा कि यदि इसी स्तर का कन्वेंशन सेंटर आगरा में विकसित होता है, तो राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनियां, सम्मेलन और बड़े आयोजन यहां आसानी से आयोजित किए जा सकेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि आगरा पहले से ही एक प्रमुख वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित है। यह शहर अपनी धार्मिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक विरासत के कारण देश-विदेश से आने वाले लोगों को आकर्षित करता है, जिससे यहां डेस्टिनेशन वेडिंग की अपार संभावनाएं मौजूद हैं।
एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सौरभ सिंघल ने कहा कि यदि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा ‘ग्रेटर आगरा’ परियोजना में वेडिंग सिटी एवं कन्वेंशन सेंटर की स्थापना की जाती है, तो यह न केवल पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा, बल्कि वैवाहिक उद्योग को भी सशक्त करेगा। इससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। प्रतिनिधि मंडल ने प्रशासन से इस प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करते हुए शीघ्र कार्यवाही की अपेक्षा व्यक्त की।