आगरालीक्स…आगरा के सूरसदन में जुटे 450 से अधिक डॉक्टर्स, किसी ने किया भांगड़ा तो किसी ने फ्लेमेंगो डांस. ‘छिछोरे ग्रुप’ ने नाटक से ने दर्शकों को जमकर हंसाया…रैम्प वॉक और रंगारंग अंदाज के साथ आईएमए ने मनाया डॉक्टर्स डे
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA), आगरा शाखा द्वारा सूरसदन सभागार में आयोजित सांस्कृतिक संध्या अत्यंत भव्य और सराहनीय रही। इस शानदार कार्यक्रम में 450 से अधिक डॉक्टरों ने सहभागिता की, जबकि करीब 70 डॉक्टरों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में हिस्सा लिया। IMA सचिव डॉ. राजनीश मिश्रा ने बताया कि यह एक अद्भुत संध्या थी, जिसमें डॉक्टरों ने न केवल अपने व्यावसायिक जीवन से बाहर आकर रंगारंग प्रस्तुतियां दीं, बल्कि एकता, उत्साह और भारतीय सांस्कृतिक विरासत का सुंदर प्रदर्शन भी किया।IMA अध्यक्ष डॉ. अनूप दीक्षित ने बताया कि यह कार्यक्रम अत्यंत सुव्यवस्थित रहा, जिसकी शुरुआत डॉ. योगेश दीक्षित एवं डॉ आर एन द्विवेदी एवं डॉ. प्रीतुल सक्सेना द्वारा प्रस्तुत भजनों की मधुर संगति सिंफनी ऑफ भजन्स से हुई। इसके पश्चात डॉ. राजीव पचौरी एवं डॉ. दीपा पचौरी द्वारा हमारे वरिष्ठ एवं दिवंगत चिकित्सकों को एक भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई, जिसने सभी की आंखें नम कर दीं। छिछोरे ग्रुप'* द्वारा डॉ. सुरेन्द्र पाठक और डॉ. योगेश सिंघल के नेतृत्व में प्रस्तुत एक हास्यपूर्ण किंतु शिक्षाप्रद नाटक ने दर्शकों को हँसते-हँसते सोचने पर मजबूर कर दिया।
अर्जुन नगर डॉक्टर्स एसोसिएशन* द्वारा प्रस्तुत शास्त्रीय कथक नृत्य, शाहगंज डॉक्टर्स एसोसिएशन द्वारा ऊर्जा से भरपूर फ्यूजन डांस, ताज डॉक्टर्स एसोसिएशन द्वारा भावपूर्ण फ्लेमेंगो डांस तथा कमला नगर डॉक्टर्स एसोसिएशन द्वारा प्रस्तुत पंजाबी गिद्धा और भांगड़ा ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और सांस्कृतिक विविधता को एक मंच पर लाकर खड़ा किया। इसके अतिरिक्त, एक रोमांचक कपल डांस मेडली भी प्रस्तुत की गई, जिसमें भारत और विश्व की विविध नृत्य शैलियों का अद्भुत समावेश देखने को मिला। कार्यक्रम की विशेष आकर्षण रही रैम्प वॉक। इस शो में IMA कैबिनेट के सदस्यों ने शोस्टॉपर बनकर मंच पर अपनी विशेष छाप छोड़ी।
पूरे आयोजन को संस्कृतिक सचिव डॉ. अमिता सिंह ने अत्यंत कुशलता से संयोजित किया। उन्होंने कहा, "सभी डॉक्टरों ने पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ भाग लिया। जैसा कि हम कहते हैं — संस्कृति हमें जोड़ती है — आज इस मंच पर यह बात हर रूप में सिद्ध हुई।" IMA, आगरा की इस सांस्कृतिक संध्या ने यह स्पष्ट कर दिया कि डॉक्टर सिर्फ चिकित्सा क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि कला, संगीत और संस्कृति के क्षेत्र में भी अग्रणी भूमिका निभा सकते हैं।