आगरालीक्स…आगरा में सायरन बजाती जा रही एंबुलेंस और उसे एस्कॉर्ट कर रही थार में मिली 10.50 लाख की शराब. पांच तस्कर पकड़े गए. नंबर प्लेट बदलकर करते थे एंट्री
आगरा में सायरन बजाती जा रही एंबुलेंस और उसे एस्कॉर्ट कर रही थार के अंदर पुलिस को 10.50 लाख की अवैध शराब मिली है. थाना एत्मादपुर, साइबर सर्विलांस, काउंटर इंटेलीजेंस की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा इस शराब तस्करी का भंडाफोड़ किया गया है. पुलिस ने पांच शराब तस्करों को भी पकड़ा है. एंबुलेंस और थार में 80 पेटी शराब रखी हुई थी और इसे बिहार ले जाया जा रहा था.बिहार में जा रही थी शराब
थाना एत्मादपुर पुलिस टीम द्वारा थाना क्षेत्रांतर्गत गश्त/चैकिंग की जा रही थी, इसी दौरान मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि कुछ व्यक्ति एक एम्बुलेंस व थार कार में अवैध शराब भरकर बिहार राज्य में बेचने के लिए जा रहे है जो कि यमुना एक्सप्रेसवे पुल के नीचे गढीरामी रोड पर खड़े है. सूचना पर थाना एत्मादपुर पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए बताये स्थान पर पहुंचकर पुल के नीचे खड़ी एक संदिग्ध एम्बुलेंस व थार गाड़ी में सवार कुल 05 अभियुक्तों से पूछताछ करते हुए तलाशी ली गयी तो एम्बुलेंस व थार गाड़ी से कुल 80 पेटी अवैध शराब बरामद हुई. अवैध शराब की बरामदगी पर पुलिस टीम द्वारा 05 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया.
नंबर प्लेट बदलकर करते थे एंट्री
पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ की गई तो अभियुक्तों ने बताया कि वे लोग काफी समय से शराब की अवैध तस्करी का काम कर रहे हैं. यह एम्बुलेंस पंजाब नम्बर की है. वह लोग पुलिस तथा अन्य विभागों की चेकिंग से बचने व उनको धोखा देने की नीयत से एम्बुलेंस की नम्बर प्लेट बदल कर दूसरे राज्य बिहार / उत्तर प्रदेश में आसानी से प्रवेश कर जाते हैं.
रोहित पुत्र सत्यवान निवासी ग्राम भोला थाना मोहाना जिला सोनीपत हरियाणा
साहिल पुत्र जगवीर निवासी ग्राम पालवा थाना ऊंचाना जिला जींद हरियाणा
साहिल पुत्र धर्मपाल निवासी निजामपुर थाना बरौदा जिला सोनीपत हरियाणा।
पंकज पुत्र दिलबाग सिंह निवासी भोला थाना मोहाना जिला सोनीपत हरियाणा
संदीप पुत्र बिरखाराम निवासी ग्राम पालवा थाना ऊंचाना जिला जींद हरियाणा