आगरालीक्स…Agra News : आगरा नगर निगम की कार्यकारिणी में मेयर ने अपने भतीजे को फटकार लगाई और भतीजे के आगे से किसी भी बैठक में आने पर रोक लगा दी। क्यों जानें पूरा मामला। ( Agra News : Mayor Hemlata Diwakar Kushwah restrict entry of Nephew Harsh in Nagar Nigam Meetings#Agra)
आगरा नगर निगम की सोमवार को कार्यकारिणी की बैठक हुई। बैठक में मेयर हेमलता दिवाकर के साथ ही कार्यकारिणी सदस्य और नगर निगम के अधिकारी ही शामिल हो सकते हैं। मगर, बैठक में मेयर हेमलता दिवाकर का भतीजा हर्ष दिवाकर भी आ गया। कार्यकारिणी की बैठक दोपहर 12 बजे शुरू हुई, मेयर के भतीजे हर्ष दिवाकर ने सहायक अभियंता सोमेश वर्मा पर कार्रवाई की मांग की, सोमेश वर्मा पर लोहामंडी में व्यापारियों के साथ अभद्रता करने के आरोप लगे थे। जबकि नियमानुसार बैठक में कोई भी बाहरी को शामिल होने तक का अधिकार नहीं है। मेयर ने उसे बाहर जाने के लिए कहा तो वह तेजी से गेट पीटते हुए बाहर निकल गया।
दोबारा बैठक में आ गया भतीजा
इसके कुछ देर बाद हर्ष दिवाकर दोबार बैठक में आ गया और सहायक अभियंता सोमेश वर्मा पर कार्रवाई की मांग करने लगा, पार्षदों ने उसे समझाकर बाहर कर दिया। वह तीसरी बार फिर बैठक में आ गया, हंगामा करने लगा। मेयर ने फटकार लगाई और हर्ष दिवाकर के भविष्य में किसी भी बैठक में प्रवेश पर रोक लगाने की चेतावनी दी। इसके बाद कार्यकारिणी की बैठक हो सकी।
मेयर बोलीं ये भतीजे का बचपना
इस पर मेयर हेमलता दिवाकर का मीडिया से कहना है कि सहायक अभियंता सोमेश वर्मा की शिकायतें आ रहीं हैं, लेकिन निगम के अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की है। इससे हर्ष व्यथित था, हालांकि उसे बोलने का कोई अधिकार नहीं है, यह उसका बचपना है उसे तुरंत बैठक से बाहर कर दिया गया था। भविष्य में किसी भी बैठक में प्रवेश न करने की चेतावनी दी है, नियमों से किसी को भी खिलवाड़ नहीं करने दी जाएगी।