आगरालीक्स…Agra News : आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज सहित सरकारी डॉक्टरों की प्राइवेट प्रैक्टिस की खुफिया जांच। वीडियोग्राफी और पर्चे बनेंगे सुबूत, निजी आवास, क्लीनिक और अस्पताल में फीस लेकर परामर्श देने वाले डॉक्टरों पर होगी कार्रवाई। ( Agra News : Distt Level monitoring committee for Private Pratice of SNMC, Agra permanent Doctors#Agra )
आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में 126 स्थायी डॉक्टर हैं इन्हें हर महीने नॉन प्रैक्टिस एलाउंस मिलता है और प्राइवेट प्रैक्टिस करने पर रोक है। जबकि 116 संविदा डॉक्टर हैं इन्हें सुबह नौ से शाम चार बजे तक कॉलेज में रहना है इसके बाद ये प्राइवेट प्रैक्टिस कर सकते हैं क्योंकि इन्हें नॉन प्रैक्टिस एलाउंस नहीं मिलता है। मगर, स्थायी डॉक्टरों के साथ ही संविदा डॉक्टर भी कॉलेज के समय में अपने क्लीनिक पर प्राइवेट प्रैक्टिस कर रहे हैं। इस तरह की शिकायतें आने के बाद शासन स्तर से प्राइवेट प्रैक्टिस करने वाले सरकारी डॉक्टरों की जांच कराई जा रही है।
जिला स्तरीय मॉनिटरिंग कमेटी गठित
सरकारी डॉक्टरों की प्राइवेट प्रैक्टिस पर नजर रखने के लिए डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने जिला स्तरीय मॉनिटरिंग कमेटी गठित की है, इसमें प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस अधिकारियों को रखा गया है। इनके द्वारा नजर रखी जाएगी और जांच भी कराई जाएगी।
एसएन प्रशासन ने सौंपी डॉक्टरों के आवास के पते सहित सूची
जिला मॉनिटरिंग कमेटी को एसएन प्रशासन ने 126 स्थायी डॉक्टरों के नाम, आवास के साथ ही मोबाइल नंबर सहित सूची सौंप दी है, कमेटी द्वारा खुफिया तरह से इनकी जांच कराई जाएगी। सुबूत के तौर पर वीडियोग्राफी और पर्चे जुटाए जाएंगे। अधिकांश डॉक्टरों की पत्नी और पति भी डॉक्टर हैं तो यह भी देखा जाएगा कि प्रैक्टिस कौन कर रहा है।