आगरालीक्स…आगरा में अब ट्रैफिक पुलिस का सिपाही नहीं कर सकेगा आपके वाहन का चालान. न ही गाड़ी से निकालेगा चाबी…
आगरा में अब यातायात नियमों का पालन ने करने वाले वाहनों का चालान ट्रैफिक पुलिस का सिपाही नहीं कर सकेगा. न ही वह गाड़ी से चाबी निकाल सकेगा. यह कार्य केवल यातायात निरीक्षक व उपनिरीक्षक ही करेंगे. इस संबंध में एसीपी यातायात सैयद अरीब अहमद ने बताया कि यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं.
उन्होंने बताया कि अब यातायात पुलिस का सिपाही को चालान के कार्य से मुक्त कर दिया गया है. उन्हें सिर्फ यातायात संचालन की जिम्मेदारी दी गई है. यदि कोई वाहन चालक नियमों का उल्लंघन करते हुए पकड़ा जाता है तो उस स्थिति में उसका चालान यातायात निरीक्षक अथवा उप निरीक्षक ही करेंगे. इसके अलावा चालान के दौरान किसी भी तरह का कैश हस्तांतरण नहीं होगा. चालान की राशि शमन शुल्क यातायात पुलिस लाइन में ही जमा कराना होगा. यह ई—चालान या कोर्ट के माध्यम से ही होगा. वहीं नियमों का उल्लंघन पर स्मार्ट सिटी के कैमरों से वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी.