आगरालीक्स…आगरा में चुनाव के आखिरी सात दिन स्टार प्रचारकों की रहेगी धूम. मायावती, प्रियंका गांधी और राजनाथ सिंह आ रहे हैं.
आगरा में 7 मई को मतदान होना है. तीसरे फेज में होने वाले चुनाव के लिए अब सिर्फ सात दिन का समय शेष रह गया है. ऐसे में पार्टियों के स्टार प्रचारकों का आगरा में जनसभा व रोड शो तेज हो गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सीएम योगी आदित्यनाथ, बसपा के आकाश आनंद और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बाद अब एक मई को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, तीन मई को प्रियंका गांधी और 4 मई को बसपा अध्यक्ष मायावती आगरा आ रही हैं.
एक मई को राजनाथ सिंह करेंगे जनसभा
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के दो दिन बाद एक मई को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह बाह में जनसभा करेंगे. वे दोपहर 3 बजकर 20 मिनट पर जरार मंडी ग्राउंड पर पहुंचेंगे. फतेहपुर सीकरी से भाजपा प्रत्याशी राजकुमार चाहर के लिए जरार मंडी ग्राउंड पर करीब एक घंटे तक जनसभा को संबोधित करेंगे.
तीन मई को प्रियंका गांधी का रोड शो
तीन मई को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी का रोड शो प्रस्तावित हो गया है. तीन मई को प्रियंका गांधी इंडिया गंठबंधन प्रत्याशी रामनाथ सिकरवार के साथ फतेहाबाद में रोड शो करेंगी और लोगों से कांग्रेस के लिए वोट करने की अपील करेंगी.
4 मई को मायावती की विशाल जनसभा
आगरा में 4 मई को बसपा अध्यक्ष मायावती जनसभा करने आ रही हैं. आगरा के कोठी मीना बाजार में उनकी विशाल जनसभा की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं. चुनाव से ठीक पहले मायावती का आगरा आना बसपा के लिए काफी अच्छा हो सकता है.