आगरालीक्स…आगरा के एसएन अस्पताल से भागे कैदी को पुलिस ने दबोचा. यहां छुपा बैठा था…
आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान फरार हुए कैदी को पुलिस ने दबोच लिया है. पुलिस ने उसे राजस्थान को कोटा से पकड़ा है, जहां वह अपनी ससुराल में छुपा बैठा हुआ था. फरार कैदी को पकड़कर आगरा लाया गया जहां उसे कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया.

4 सितंबर को फरार हुआ था
कासंगज जिला जेल में निरुद्ध नीरू निवासी गांव मोहब्बतपुर जलेसर, एटा को 16 अगस्त को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में भेजा गया था. यहां उसका इलाज चल रहा था. इसकी सुरक्षा में बंदी रक्षाक तैनात थे. चार सितंबर को नीरू नहाने के बहाने व्हीलचेयर से बाथरूम की ओर गया था और चकमा देकर यहां से भाग गया था. इस मामले में थाना एमएम गेट में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया. पुलिस तभी से इसकी तलाश कर रही थी. एसपी सिटी ने बताया कि फरार कैदी के कोटा में होने की जानकारी मिली. यहां उसकी ससुराल है. पुलिस ने यहां से नीरू को अरेस्ट कर लिया और उसे आगरा लाकर कोर्ट में पेश किया गया जहां से जेल भेज दिया गया.