आगरालीक्स…आगरा में आटो चोरी गैंग के तीन बदमाश पुलिस ने पकड़े. मुठभेड़ में दो के लगी पैर में गोली..
आगरा की थाना एत्माद्दौला पुलिस ने देर रात रात रामबाग फ्लाईओवर क्षेत्र में सक्रिय ऑटो चोरी गैंग का पर्दाफाश करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया.नगला देवजीत क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच अचानक मुठभेड़ हो गई, जिसमें दो बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान पैर में गोली लगने से घायल हो गए।
एसीपी छत्ता शेषमणि उपाध्याय ने बताया की सूचना मिली थी कि ऑटो चोरी गैंग के सदस्य रामबाग फ्लाईओवर के पास मौजूद हैं। थाना अध्यक्ष देवेंद्र कुमार दुबे और रामबाग चौकी इंचार्ज इंतज़ार मोहित मलिक के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने अवैध तमंचों से फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और कुछ ही देर में तीनों बदमाशों को दबोच लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि गैंग चोरी किए गए ऑटो को तोड़कर उनके पार्ट्स अलग-अलग इलाकों में बेचता था और लंबे समय से इलाके में सक्रिय था। गैंग के अन्य सदस्यों की पहचान भी पुलिस ने कर ली है और जल्द ही और गिरफ्तारियाँ होने की संभावना है। जानकारी देते हुए एसीपी ने बताया कि इनके नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अब गिरोह के पूरे नेटवर्क की गहनता से जांच कर रही है। टीम ने संयम और साहस के साथ कार्रवाई की और बदमाशों को भागने का कोई मौका नहीं दिया।