आगरालीक्स…आगरा के लोहामंडी में ज्वैलरी शोरूम में लूटकांड का पुलिस ने किया खुलासा. एक बदमाश आज मुठभेड़ में तो दो दिल्ली से अरेस्ट. चौंकाने वाला खुलासा
आगरा पुलिस ने लोहामंडी में सराफा कारोबारी के शोरूम पर दिनदहाड़े लूट की वारदात और बाजार में फायरिंग कर चार लोगों को घायल कर दहशत फैलाने वाले बदमाशों को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है. पुलिस ने एक बदमाश को जहां आज रात मुठभेड़ में अरेस्ट किया तो वहीं दो बदमाशों को दिल्ली से अरेस्ट किया है. पुलिस ने इन बदमाशों के जरिए गाजियाबाद के एक ज्वेलर्स को भी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. पुलिस ने इनके पास से लूटी गई चेन भी बरामद की हैं और कई वारदातों का भी खुलासा किया है. इन वारदातों के मामले में पुलिस ने इन बदमाशों के कब्जे से लूटी गई दो बाइक, एक एक्टिवा, एक कार और कुछ कैश भी बरामद किया है. दो पिस्टल और तीन मैगजीन कई कारतूस भी बरामद किए हैं.
मुठभेड़ में अरेस्ट हुआ बदमाश
21 जनवरी को लोहामंडी में दोपहर करीब तीन बजे तीन बदमाशों ने एक ज्वेलर्स की दुकान में घुसकर गन प्वाइंट पर छह चेन लूटी थीं. शोर मचने पर बदमाशों को पकड़ने के लिए कुछ लोग दौड़े लेकिन बदमाशों ने व्यस्ततम बाजार में फायरिंग कर चार लोगों को घायल कर दिया था और फिर काले रंग की अपाचे पर तीनों बदमाश तेज गति से भाग निकले थे. इस मामले के खुलासे के लिए एसओजी, सर्विलांस और कई थानों की पुलिस लगी हुई थी. डीसीपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि शुक्रवार और शनिवार की रात करीब तीन बजे मुखबिर से सूचना मिली कार में कुछ बदमाश आ रहे हैं. इस पर पुलिस ने बिचपुरी चौकी पर चेकिंग तेज कर दी. तभी एक कार आती दिखी तो पुलिस ने इसे रोकने का प्रयास किया लेकिर कार में बैठे बदमाशों ने गाड़ी को दौड़ा दिया.

इस पर पुलिस ने घेराबांदी की तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी. जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग कर गोली चलाई तो बदमाश कार छोड़कर भागने लगा लेकिन पुलिस की एक गोली पैर में लगने से वह घायल हो गया. पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया. मुठभेड़ में पकड़े गए बदमाश का नाम सोहेल पुत्र असलम निवासी यमुना विहार थाना भजनपुरा दिल्ली है. पुलिस ने इसके पास से दो पिस्टल, तीन मैगजीन, चार खोखा और आठ कारतूस सहित एक सफेद रंग की कार बरामद की. पूछताछ में बदमाश ने लोहामंडी बाजार में हुई लूट में खुद के शामिल होने की बात की. पूछताछ में सोहेल ने बताया कि वह दो महीने में तीन राज्यों दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में एक बुलेट चोरी के अलावा पिस्टल के बल पर पांच लूट की घटना कर चुका है. 21 जनवरी को लोहामंडी में ज्वेलर्स के यहां उसने अपने दो साथियों के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया था.
कई लूट का हुआ खुलासा
पकड़े गए दिमाश ने बताया कि 25 दिन पहले उसने फरीदाबाद के थाना सराय ख्वाजा क्षेत्र में एक व्यापारी से लूट के दौरान उसको गोलियां मारकर उसकी स्कूटी ले गए थे. पुलिस ने इसकी पुष्टि के लिए सराय ख्वाजा पुलिस से संपर्क किया तो पता चला कि 4 जनवरी को काली अपाचे सवार तीन बदमाशों ने पूर्ण रैकी कर किराना व्यापारी को घर जाते समय गोली मारी और उसकी स्कूटी और उसकी जेब से नकदी लूटकर भाग गए थे. पुलिस ने इस बदमाश के साथ लोहामंडी लूट कांड में शामिल दो और बदमाशों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से काली रंग की अपाचे बाइक और 19 दिसंबर को दिल्ली के पास से लूटी सफेद रंग की बुलेट बाइक को भी बरामद किया है. बुलेट बाइक को भी इन्होंने गन प्वाइंट पर लूटा था.
दिल्ली में गिरफ्तार बदमाशों के नाम
गुलाम अली निवासी विजय पार्क थाना भजनपुरा दिल्ली
समीर सैफी निवासी ए43 गली नंबर एक गंगा विहार, नियर गोकुलपुरी पोस्ट आफिस, थाना गोकुलपुरी
पुलिस ने बताया कि गुलाम, समीन और सोहेल का एक गैंग हैं. सोहेल कबाड़े का काम करता है. इन्होंने दो माह के अंदर पिस्टल के बल पर दिल्ली, हरियाणा व यूपी में 6 घटनाओं को अंजाम दिया है. पुलिस ने गाजियाबाद के एक ज्वैलर्स को भी अरेस्ट किया है.