आगरालीक्स…आगरा में करणी सेना ने गढ़ी रामी में किया भूमि पूजन. 12 अप्रैल को राणा सांगा जयंती पर रक्त स्वाभिमान रैली की तैयारियां तेज…पुलिस प्रशासन भी अलर्ट
वीर योद्धा राणा सांगा की 12 अप्रैल को जयंती मनाने के लिए क्षत्रिय करणी सेना ने गुरुवार सुबह गढ़ी रामी स्थित आयोजन स्थल पर केसरिया झंडा-डंडा गाढ़ कर भूमि पूजन किया। इसके सैकड़ों बीघा जमीन पर विशालकाय पांडाल बनाने को तंबू गाढ़ने का कार्य आरंभ हो गया है। भूमि पूजन क्षत्रिय करणी सेना के संस्थापक राष्ट्रीय अध्यक्ष राज शेखावत, महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष संगीता सिंह और करणी सेना राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रताप सिंह कालकी की देखरेख में किया गया। उनके साथ हिंदू सनातन सभा, क्षत्रिय महासभा, राष्ट्रीय राजपूताना यूथ ब्रिगेड आदि के पदाधिकारी भी शामिल थे।
रक्त स्वाभिमान रैली का है ऐलान
सपा सांसद रामजीलाल सुमन के राज्यसभा में राणा सांगा पर दिए बयान से नाराज करणी सेना ने आगामी शनिवार 12 अप्रैल को को गढ़ी रामी गांव में राणा सांगा की जयंती रक्त स्वाभिमान रैली के रूप में मनाने का एलान किया है। शनिवार को गढ़ी रामी में ही राणा सांगा की जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी। इसके लिए आज सुबह भूमि पूजन किया गया। इसके साथ क्षत्रिय करणी सेना की तैयारियां तेज हो गई हैं। भीड़ जुटाने के लिए आगरा मंडल के विभिन्न जनपदों के साथ बाहरी राज्यों तक में प्रचार को टीमें लगी है। स्थानीय स्तर पर पदाधिकारियों द्वारा गांव-गांव जनसंपर्क किया जा रहा है। वीडियो और ऑडियो के माध्यम से सोशल मीडिया पर लाइव प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
पुलिस प्रशासन भी अलर्ट
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सनातन हिंदू महासभा के बैनर तले होने वाले इस कार्यक्रम को पुलिस ने सशर्त अनुमति तो दे दी है लेकिन पुलिस कार्यक्रम को लेकर अलर्ट मोड पर है. पुलिस ने थ्री लेयर सिक्योरिटी प्लान तैयार किया है और काफी संख्या में हेलमेट और डंडे भी मंगवाए गए हैं. लखनऊ में पुलिस ने करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष दुर्गेश सिंह समेत कई पदाधिकारियों को हाउसअरेस्ट कर लिया है. इसके अलावा सपा सांसद रामजीलाल सुमन के घर पर हमला करने वाले ओकेंद्र राणा और सोशल मीडिया पर भड़काऊ भाषण देने वाले 22 लोगों के घर पर पुलिस ने नोटिस चस्पा किए हैं.