आगरालीक्स…आगरा में बिना लाइसेंस के बनाया जा रहा रिफाइंड, सोयाबीन आयल. बड़ी मात्रा में जब्त. त्योहार से पहले एफएसडीए की मैसर्स एमपी एग्रो इंडस्ट्रीज पर बड़ी कार्रवाई
जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी के निर्देशन में की जा रही प्रवर्तन कार्यवाही के अंतर्गत बुधवार को मोहन नगर नरायच, आगरा स्थित मैसर्स एमपी एग्रो इंडस्ट्रीज पर एफएसडीए की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. टीम ने यहां से बड़ी मात्रा में बिना लाइसेंस के तैयार किए जा रहे रिफाइंड सोयाबीन आयल को जब्त किया है. दो नमूने भी लिए गए हैं. मैसर्स एमपी एग्रो इंडस्ट्रीज के परिसर से टीम ने रिफाइंड सोयाबीन आयल ब्रांड fortyone 300 (605 लीटर) लीटर, मूल्य रुपए 54,000/- एवं अन्य रिफाइंड सोयाबीन ऑयल 3000 (20015 लीटर) लीटर मूल्य रुपए 480000/-चार लाख 80 हजार जब्त करते हुए खाद्य पदार्थ के दो नमूने वास्ते जांच नियमानुसार संग्रहित किए गए. कार्यवाही सहायक आयुक्त खाद्य महेंद्र श्रीवास्तव एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के निर्देशन एवं उपस्थिति में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों रविंद्र सिंह परमार एवं चंद्र विजय सिंह द्वारा बताया गया कि परिसर में खाद्य पदार्थ के निर्माण का लाइसेंस नहीं पाया गया. उक्त कार्यवाही जनहित में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा की गई. आम जनता को सुरक्षित खाद्य / पेय पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग जनपद आगरा द्वारा लगातार प्रवर्तन कार्यवाही की जा रही है.