आगरालीक्स…आगरा में धार्मिक पर्यटन बढ़ेगा. बटेश्वर के साथ सीकरी के शीतलाकुंड धाम, फतेहाबाद के सती माता मंदिर, आनंदी भैरों मऊ सहित इन मंदिरों का होगा कायाकल्प..
उत्तर प्रदेश में धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को नई रफ्तार देने के लिए राज्य सरकार बड़े कदम उठा रही है। पर्यटन विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत प्रदेश के विभिन्न जनपदों में 570 नई पर्यटन विकास परियोजनाओं को मंजूरी देते हुए 68780.28 लाख रुपये (लगभग 687 करोड़ रुपये) की धनराशि जारी की है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य प्रदेश के धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण, बुनियादी सुविधाओं का विकास और पर्यटन को बढ़ावा देना है। इससे न सिर्फ श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।अटल जी की जन्मस्थली के विकास को बढ़ावा, कई परियोजनाएं मंजूर
आगरा जिले को विशेष प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए बजट स्वीकृत किया गया है। आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के कैला माता मंदिर, फतेहपुर सीकरी के शीतलाकुंड धाम, फतेहाबाद के शती माता मंदिर, खैरागढ़ के बाबा दीनदयाल मंदिर और आनंदी भैरो मऊ स्थित प्राचीन नाथ संप्रदाय मंदिर के विकास के लिए एक-एक करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा आगरा कैंट स्थित पर्यटन कार्यालय के पुराने भवन के जीर्णोद्धार के लिए 1.5 करोड़ रुपये, गुरु का ताल गुरुद्वारा के विकास के लिए 2 करोड़ रुपये और बाह विधानसभा क्षेत्र के बटेश्वर धाम में घाट विकास के लिए 19 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। बटेश्वर धाम में दो नए प्रवेश द्वारों के निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये भी दिए जाएंगे। रपड़ी इको-टूरिज्म क्षेत्र में साइनेज कार्य के लिए 1 करोड़ रुपये तथा बाह में स्थित भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मस्थली के पर्यटन विकास के लिए 2 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र में आदिनाथ भरत बाहुबली त्रिमूर्ति जैन मंदिर और छत्रपति शिवाजी महाराज संग्रहालय सहित दो परियोजनाओं के लिए भी 1-1 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।