आगरालीक्स…आगरा में कारोबारी बोले— जूते पर 12 से 5 प्रतिशत जीएसटी होना हमारी जीत.
जूते पर जीएसटी घटाकर पाँच प्रतिशत किए जाने पर द आगरा शू फैक्टर्स फैडरेशन ने सरकार का आभार व्यक्त करते हुए आज हींग की मंडी स्थित फैडरेशन कार्यालय से धाकरान चौराहे तक ढोल नगाड़ों के साथ स्वर्णिम विजय यात्रा निकाली। जूता उद्योग से जुड़े सैकड़ों व्यापारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जगह-जगह शू मार्केटों पर यात्रा का भव्य स्वागत हुआ। दलित एवं मुस्लिम संगठनों ने भी अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों को मालाएँ पहनाकर सम्मानित किया। पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु से आए प्रतिनिधियों ने भी इस ऐतिहासिक अवसर में सहभागिता की।यात्रा का शुभारम्भ उप्र कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य के पुत्र अभिनव मौर्य ने फैडरेशन कार्यालय में संस्थापक स्व. राजकुमार सामा की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर किया। यात्रा हींग की मंडी से मीर हुसैनी, सदर भट्टी होते हुए धाकरान स्थित नाथ कॉम्प्लेक्स पहुँची, जहाँ आमसभा का आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए फैडरेशन अध्यक्ष विजय सामा ने कहा कि “सरकार से यह बहुत पुरानी मांग थी। एक वर्ष के अथक प्रयास के बाद उप्र वित्त मंत्री सुरेश खन्ना जी के सहयोग से जूते पर जीएसटी घटाकर 5 प्रतिशत किया गया। इससे गरीब व्यक्ति भी अच्छे जूते कम कीमत में खरीद सकेगा। हम सभी व्यापारी सरकार के प्रति अपना आभार व्यक्त करते हैं।”
डवलपमेंट काउंसिल ऑफ फुटवेयर एंड लेदर इंडस्ट्री के चेयरमैन पूरन डावर ने कहा कि “इस निर्णय से देश की अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी और महंगाई कम होगी। यह एक सराहनीय कदम है।” राज्य मंत्री विजय शिवहरे ने मोदी और योगी सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा कि “फेडरेशन की भूमि क्लस्टर की मांग को सरकार तक पहुँचाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही योगी जी को आगरा में जूता व्यापारियों के बीच लाने का भी आश्वासन दिया गया।”
फेडरेशन महामंत्री नरेंद्र पुरुस्नानी ने इसे डेढ़ वर्ष के संयुक्त संघर्ष की जीत बताया। कार्यक्रम में भीम युवा संगठन के अध्यक्ष प्रदीप पिप्पल, कोषाध्यक्ष दिलप्रीत सिंह, सोल एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद सीतलानी, अजय महाजन, संजय अरोड़ा, रामनाथ डांग, जोगिंदर लूथरा, प्रदीप मेहरा, बाबूभाई, राजेश लालवानी, घनश्याम लालवानी, प्रमोद जैन, चांद दीवान, परवेज भाई, उस्मान भाई सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।जूता व्यवसाय से जुड़े विभिन्न संगठनों ने लिया यात्रा में भाग
स्वर्णिम विजय यात्रा में सोल एसोसिएशन, कुटिर उद्योग, ट्रैडर्स, सभी दस्तकार संघ तथा जाटव महापंचायतों के पदाधिकारी भी शामिल हुए। पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु से आए प्रतिनिधियों ने कहा कि “पिछले कई वर्षों से जूता व्यापार में गिरावट आ रही थी। सरकार के इस निर्णय से व्यापार के ग्राफ में सुधार की संभावना बढ़ गई है। सभी ने सरकार का आभार व्यक्त किया।”