आगरालीक्स…आगरा में श्रीकृष्ण लीला समिति ने पहली बार आयोजित किया विशाल रक्तदान शिविर. मानवता के पथ पर भक्ति की नई मिसाल
श्रीकृष्ण लीला समिति के 100 वर्षों के गौरवशाली इतिहास में पहली बार लीला स्थल वाटर वर्क्स स्थित गौशाला पर आयोजित विशाल रक्तदान शिविर ने सेवा, समर्पण और भक्ति का अद्वितीय संगम प्रस्तुत किया। भक्ति भाव से ओतप्रोत इस पहल ने दर्शाया कि जहां भक्ति है, वहीं सेवा भी ईश्वर के समीप पहुंचने का सच्चा मार्ग है। रक्तदान शिविर का शुभारंभ एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने इस नई पहल की सराहना करते हुए कहा कि श्रीकृष्ण लीला केवल धर्म और संस्कृति का उत्सव नहीं, बल्कि यह मानवता का पर्व भी है। पहली बार लीला समिति ने जो रक्तदान शिविर आयोजित किया है, वह समाज में जीवनदान का संदेश देगा।
समिति अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष श्रीकृष्ण लीला महोत्सव नई मिसाल कायम कर रहा है। जहां लीला का शुभारंभ पहली बार यमुना मैया के चुनरी मनोरथ से हुआ था, वहीं अब मानव सेवा की दिशा में यह विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया गया है। आगामी चरण में श्रीकृष्ण को प्रिय कदंब के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया जाएगा। रक्तदान शिविर में श्रद्धालुओं का उत्साह देखने योग्य था। विशेष उल्लेखनीय यह रहा कि सबसे पहले रक्तदान करने वालों में महिलाएं आगे रहीं रिंकिता अग्रवाल और रागिनी अग्रवाल ने शिविर की शुरुआत की। पुरुष वर्ग में प्राचीन सीताराम मंदिर, वजीरपुर के महंत अनंत उपाध्याय, पंडित मुकेश शर्मा और पंडित पंकज शास्त्री ने प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। रक्तदान करने वालों में आयुष बंसल, अनुराग गोयल, अंकित अग्रवाल, कन्हैया अग्रवाल, आशु बंसल, क्षितिज बंसल, राजेश अग्रवाल, अंकित चौहान, सनी गुप्ता, सुमित अग्रवाल, प्रमोद कुमार आदि शामिल रहे।