आगरालीक्स…आगरा में आफत लेकर आई. कहीं पेड़ गिरे तो कहीं पोल. रामबाग पर बीच सड़क पर गिर गया यूनिपोल. होर्डिंग उड़े, कार पर गिरी दीवारें
आगरा में दोपहर को दो बजे के बाद से अचानक हुए मौसम परिवर्तन ने हर किसी को हैरान कर दिया. पहले तेज आंधी और फिर बारिश ने कई जगह लोगों को परेशान कर दिया. हालांकि बारिश के कारण गर्मी से राहत मिली लेकिन तेज आंधी के कारण कहीं पेड़ गिर गए तो कहीं दीवार, कहीं पोल गिर गए तो कहीं टिन शेड उड़ गईं. रामबाग चौराहा पर तो यूनिपोल ही धराशायी हो गया. इधर बारिश के बाद हुए जलभराव ने भी लोगों को परेशान कर दिया. कई जगह सड़कें धंसने की भी सूचना मिली तो कई जगह पानी के कारण जलभराव इतना अधिक हो गया कि वह लोगों के घरों और दुकानों में जाकर घुस गया.

राजा की मंडी में बुरा हाल
बारिश के कारण राजा की मंडी का हाल भी बहुत बुरा हो गया. यातायात पुलिस द्वारा अतिक्रमण अभियान चलाया जा रहा है लेकिन दुकानदारों का आरोप है कि नगर निगम द्वारा यहां लगातार साफ सफाई नहीं की जाती है जिसके कारण नाले चोक पड़े हुए हैं. यही कारण है कि बारिश का पानी आज दुकानों के अंदर तक घुस गया. सड़कों पर भी भीषण जलभराव रहा.
इधर देहात में भी कई जगह नुकसान की सूचनाएं मिली हैं. कई जगह पेड़ गिरे हैं तो कई जगह विद्युत पोल. इसके कारण लोगों को परेशानी हुई है. लादुखेड़ा में टिन शेड उड़ गई तो वहीं एक फर्नीचर गोदाम की दीवार गिर गई. गनीमत ये रही कि कहीं कोई जनहानि की सूचना नहीं है.
