आगरालीक्स…आगरा में सरसराती हवाओं ने बढ़ाई ठंड. तापमान फिर 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंचा. दो दिन और चलेंगी हवाएं. जानिए मौसम अपडेट
आगरा में चल रही सरसराती ठंडी हवाओं ने एक बार फिर से लोगों को अच्छी खासी सर्दी का अहसास करा दिया है. पिछले कुछ दिनों से दिन में निकल रही धूप से लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा था लेकिन कल रविवार और आज सोमवार को दिन और रात में ठंडी हवाएं चलती रहीं. इससे तापमान में कमी आई है. मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को आगरा का अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

मौसम विभाग के अनुसार आगरा दो दिन और ठंडी हवाएं चलने के आसार हैं. इससे तापमान लगभग सोमवार जैसा ही रहेगा लेकिन दो दिन के बाद गर्मी का प्रभाव तेज होने लगेगा. गुरुवार से आगरा के तापमान में बढ़ोतरी होना शुरू हो जाएगी. अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो सकता है तो वहीं न्यूनतम तापमान 17 से 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है.