आगरालीक्स…आगरा में होली मिलन में बिखरे फूलों के रंग और चंदन की महक
होली के रंगों के साथ चंदन और फूलों की महक भी बिखरी थी। हर तरफ मस्ती और उमंग के साथ भक्ति और श्रद्धा के रंग भी बिखरे थे। अग्रवाल संगठन रामबाग द्वारा होली मिलन समारोह व सम्मान समारोह का आयोजन उत्साह के साथ किया गया। जिसमें अग्र माता-पिता व समिति के संरक्षकों का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि सुरेश चंद्र गर्ग, विशिष्ठ अतिथि एमपी अग्रवाल, नितिन गोयल ने मां सरस्वती व महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।अध्यक्ष निशा बंसल ने अतिथियों का स्वागत चंदन लगाकर करते हुए होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सनातन के तीज त्योहारों के बारे में युवा पीढ़ी को सही जानकारी हो, इसके लिए अपने बच्चों को इस तरह के कार्यक्रम में अवश्य शामिल करें। अग्र माता पिता के रूप में रामस्वरूप अग्रवाल व श्रीमति लीला देवी को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके उपरान्त समिति के संरक्षकों व महिला सदस्यों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सरस्वती वंदना के उपरान्त समिति की सदस्यों व परिवारीजनों द्वारा आज बिरज में होरी रे रसिया…, कान्हा बरसाने में आ जइयो…बृन्दावन जाउंगी सखी में वृन्दावन जाउंगी…, होरी मैं तो खेलू सांवरिया के संग…, मुरली वाले ने घेर लई, अकेली पनिया गई…, रंग मत डाले रे सांवरिया… जैसे बृज के गीतों पर होली का खूब हुड़दंग किया। फूलों की होली भी हुई।