आगरालीक्स….राजा की मंडी चौराहे पर कट फिर से होगा बंद! आज सुबह बंद किया गया लेकिन व्यापारियों ने खुलवा दिया…व्यापारियों की मांग स्थायी रूप से खुला रहे अब ये कट
आगरा का राजा की मंडी चौराहे पर कट तीन दिन पहले खोल दिया गया था. इससे व्यापारियों में खुशी छाई थी लेकिन एक कारण ये था कि सीएम योगी आदित्यनाथ राजा की मंडी स्थित दरियानाथ मंदिर में आ रहे थे जिसके कारण इसे खोला गया था. लेकिन राजा की मंडी और नूरी दरवाजा के व्यापारियों का कहना है कि इस कट को स्थायी रूप से खोल दिया जाए. इस कट के बंद होने से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है कि इसे फिर से बंद किया जाएगा या स्थायी रूप से खोल दिया जाएगा. पहले ये जानकारी मिली थी कि 28 मार्च को इसे फिर से बंद कर दिया जाएगा.
3.5 साल से बंद है राजा की मंडी कट
अक्टूबर 2021 में राजा की मंडी चौराहे पर बैरियर लगाकर बंद कर दिया गया था. इससे नूरी दरवाजा से राजा की मंडी बाजार जाने वाले और राजा की मंडी से नूरी दरवाजा जाने वाला रास्ता बंद हो गया था. इसके कारण यहां आने—जाने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. सेंट जॉन्स चौराहा से आकर लोग राजा की मंडी बाजार में नहीं जा सकते हैं. इसके लिए उन्हें एसएन इमरजेंसी चौराहे से यू टर्न लेकर जाना पड़ रहा है तो वहीं राजा की मंडी से नूरी दरवाजा जाने वाले लोगों को सेंट जॉन्स चौराहे से यू टर्न लेकर जाना पड़ रहा था.
व्यापारियों ने किया था इसका विरोध
राजा की मंडी चौराहे पर बैरियर लगने के बाद व्यापारियों ने इसका जमकर विरोध किया था. इसके अलावा इसको लेकर एक वाद भी दायर किया गया था. ग्रेटर आगरा बार एसोसिएशन के पूर्व सचिव और वरिष्ठ अधिवक्ता गिरधारीलाल चौरिसया ने कोर्ट में 22 अप्रैल 2022 को थानाध्यक्ष लोहामंडी और चौकी इंचार्ज राजा की मंडी के खिलाफ परिवाद पेश किया था. यह परिवाद राजा की मंडी चौराहे पर बैरिकेडिंग कर राजा की मंडी बाजार जाने का रास्ता अवरुद्ध किए जाने पर था.