आगरालीक्स…सावन में आगरा के शिव मंदिरों में होगी खास व्यवस्थाएं. डीएम ने कहा—20 जुलाई तक हर मंदिर का निरीक्षण करें अधिकारी. मनकामेश्वर और पृथ्वीनाथ मंदिर को लेकर ये दिए आदेश
सावन का महीना 22 जुलाई से शुरू हो रहा है. 22 जुलाई को ही सोमवार है, ऐसे में इस महीने 5 सोमवार सावन में होंगे. आगरा में सावन के सोमवारों का विशेष महत्व है. शहर के चारों कोनों पर स्थित कैलाश महादेव, बल्केश्वर महादेव, राजेश्वर महादेव और पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर हैं. वहीं शहर के मध्य में प्राचीनतम रावली महादेव और श्रीमनकामेश्वर महादेव मंदिर हैं. इसके अलावा बटेश्वर में शिव मंदिरों की प्राचीन श्रृंखला है. सावन के सभी सोमवारों को आगरा के सभी शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है. वहीं सावन के दूसरे सोमवार को ऐतिहासिक शिव परिक्रमा भी लगाई जाती है. ऐसे में आगरा प्रशासन भी अभी से सुरक्षा व्यवस्थाओं पर जुट गया है.
आज डीएम ने इसको लेकर बैठक की. उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि सावन माह को दृष्टिगत रखते हुए जनपद के सभी प्रमुख मंदिरों की सूची, पीडब्ल्यूडी विभाग को उपलब्ध करा दें, जिससे उनके पहुंच मार्ग पर पैचवर्क का कार्य पूर्ण कराया जा सके. साथ ही साथ उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि मार्गों की साफ-सफाई, जलभराव आदि का निस्तारण कराना सुनिश्चित करें. साथ ही साथ साफ-सफाई के लिए स्पेशल टीम भी लगायें. उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि एक टीम बनाकर जनपद के सभी मन्दिरों का 20 तारीख से पहले निरीक्षण करा लें, साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि सावन माह के दृष्टिगत वहां पर सभी व्यवस्थायें सुनिश्चित हो चुकी हैं.
बैठक में जिलाधिकारी ने अपर नगरायुक्त विनोद कुमार गुप्ता से पृथ्वीनाथ मंदिर की विजिट कर नगर निगम से कराए जाने वाले कार्यों को कराने के साथ-साथ मनःकामेश्वर मन्दिर में चल रहे कार्यों की प्रगति की भी जानकारी ली तथा कार्यों को यथाशीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए. बैठक में जिलाधिकारी ने लोकनिर्माण विभाग की समीक्षा में कैलाश मन्दिर मार्ग के निर्माण की कार्य योजना की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि सावन माह को दृष्टिगत रखते हुए पेचवर्क का कार्य यथाशीघ्र पूर्ण कराया जाए तथा सभी मंदिर मार्गों की भी मरम्मत आदि सुनिश्चित की जाए.
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कृष्ण कुमार सिंह, अपर नगरायुक्त विनोद कुमार गुप्ता, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी दीप्ति वत्स, तहसीलदार सदर अविचल प्रताप सिंह,जिला पंचायत राज अधिकारी मनीष कुमार, कैलाश मंदिर के महंत जी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे.