आगरालीक्स…आगरा के विवि में हुई परीक्षा समिति की बैठक. परीक्षा प्रक्रिया को सरल बनाया जाएगा. ऐसे कॉलेजों में छात्रों को मिलेगी स्वकेंद्र की सुविधा
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद खंदारी परिसर में मंगलवार को कुलपति प्रो. आशु रानी की ऑनलाइन अध्यक्षता में परीक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में छात्रहित से जुड़े कई अहम निर्णय लिए गए। परीक्षा समिति द्वारा गहन विचार-विमर्श एवं समग्र समीक्षा के उपरांत छात्र-हित को सर्वोपरि रखते हुए समिति ने प्रायोगिक व्यवस्था को परीक्षण के रूप में स्वीकृति प्रदान करते हुए स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों, जिनकी छात्र संख्या 100 या 100 से अधिक है, के छात्रों को अनुदानित/राजकीय व स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों की छात्राओं की भांति स्वकेन्द्र की सुविधा उपलब्ध कराए जाने पर सहर्ष अनुमोदन प्रदान किया गया।परीक्षा समिति ने सुविधा, समय की बचत तथा परीक्षा प्रक्रिया को अधिक सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से स्वकेन्द्र की व्यवस्था से छात्रों को अनावश्यक असुविधाओं का सामना नहीं करना पड़ेगा और वह बेहतर ढंग से परीक्षा में सम्मिलित हो सकेंगे। साथ ही, समिति ने यह भी निर्देश दिए हैं कि परीक्षाओं के सफलतापूर्वक सम्पन्न होने के पश्चात इस व्यवस्था की उपयोगिता एवं प्रभावशीलता की सम्यक समीक्षा की जाएगी। समीक्षा के आधार पर भविष्य में इस व्यवस्था को स्थायी रूप देने अथवा आवश्यक संशोधन करने का निर्णय लिया जाएगा।
बैठक में लिए गए इन निर्णयों को छात्रहित में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओम प्रकाश, वित्त अधिकारी महिमा चंद्र, प्रो. मनु प्रताप सिंह, प्रो. पुष्पेंद्र सिंह, प्रो. संजय कुमार मिश्रा, प्रो. पवन कुमार, प्रो. वंदना अग्रवाल, प्रो. गीता यदुवेंद एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।