आगरालीक्स…आगरा में एमएलसी चुनाव के लिए वॉइस ऑफ स्कूल एसोसिएशन ने घोषित किए प्रत्याशी. शिक्षक सीट से मदन मोहन शर्मा और निर्वाचन स्नातक सीट से राहुल राज प्रत्याशी घोषित.
वॉइस ऑफ स्कूल एसोसिएशन (VOSA) के तत्वावधान में होटल ब्रज भोग, आगरा में शनिवार शाम प्रेस वार्ता के दौरान आगामी विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव में शिक्षक एवं स्नातक सीट पर अपने प्रत्याशियों के समर्थन और उम्मीदवारी की घोषणा की गई। सं आगरा निर्वाचन स्नातक सीट से एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राहुल राज को सभी सदस्यों के समर्थन से VOSA का समर्थित प्रत्याशी घोषित किया गया है। वहीं दूसरी ओर, शिक्षक सीट के लिए VOSA के शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रभारी मदन मोहन शर्मा के नाम की घोषणा की गई है।
12 जिलों में चल रही चुनावी तैयारियाँ
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि वॉइस ऑफ स्कूल एसोसिएशन से जुड़े 12 जिलों के सभी स्कूलों द्वारा हर स्तर पर चुनावी तैयारियाँ तेज़ कर दी गई हैं। संगठन द्वारा हर पोलिंग बूथ पर बूथ कमेटियों का गठन किया जा रहा है। बूथ कमेटियों और चुनाव प्रबंधन का संपूर्ण प्रभार संगठन की सक्रिय सदस्य नीलम तिवारी को सौंपा गया है। पूरे चुनाव क्षेत्र को विभिन्न ज़ोन में विभाजित कर जिम्मेदारियाँ बाँटी गई हैं। इसके साथ ही, चुनावी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए जिला प्रभारियों की सूची भी जारी कर दी गई है, जो अपने-अपने जिलों में चुनावी गतिविधियों पर नज़र रखेंगे।
यूजीसी कानून के विरोध और रोलबैक के समर्थन में ‘वॉइस ऑफ स्कूल एसोसिएशन’ ने उतारे अपने प्रत्याशी
‘वॉइस ऑफ स्कूल एसोसिएशन’ के अध्यक्ष डॉ. राहुल राज ने यूजीसी (UGC) के वर्तमान कानून का कड़ा विरोध करते हुए उसको वापस लेने (Rollback) की मांग को लेकर अपना समर्थन जताया है। उनका कहना है कि यूजीसी के नए नियमों एवं प्रावधानों के कारण छात्र-छात्राओं के बीच भेदभाव बढ़ रहा है और समाज में सवर्ण व दलित वर्ग के बीच एक खाई खिंचती जा रही है। उन्होंने कहा कि इस कानून के कई प्रावधानों के चलते सवर्ण छात्र-छात्राएँ खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। स्थिति इतनी चिंताजनक है कि छात्रों में मानसिक तनाव और आत्महत्या जैसा आत्मघाती कदम उठाने का खतरा भी मंडरा रहा है। इस स्थिति को देखते हुए संगठन ने UGC कानून को पुनः विचार कर वापस लेने की मांग पुरजोर तरीके से उठाई है।
महासचिव अतुल कुलश्रेष्ठ ने इस प्रत्याशी सूची पर हस्ताक्षर कर इसे आधिकारिक रूप से जारी किया। इस अवसर पर संगठन के प्रवक्ता योगेश कुलश्रेष्ठ, के. के. सिंह, सोनिया सिंह, दिलीप जौहरी, रोमा परमार, इंदु सिंह, वीरेंद्र सिंह, अनुराग श्रीवास्तव, संदेश शर्मा, नकुल सारस्वत, अंकुर शंकर गौतम सहित कई प्रमुख सदस्य एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।