आगरालीक्स.. आगरा की पुलिस बच्चा चोर की अफवाह के लिए लोगों को जागरूक कर रही है, इस तरह की कोई घटना नहीं हुई है, स्कूल से लेकर कॉलोनी में बच्चा चोर की अफवाह फैलाने वाले सात को अरेस्ट कर जेल भेज दिया है।
पांच को भेजा जेल
दो दिन पहले भूतिया मार्केट, कानपुर निवासी विक्षिप्त युवक को फतेहाबाद में अवंतीबाई तिराहा पर बच्चा चोर बताकर ग्रामीणों ने पीट दिया था। पुलिस ने उसे बचाया। कानपुर में परिजनों से बातचीत की। इसके बाद उसे कानपुर के लिए बस में बैठा दिया। आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर वह बस से उतरा तो ग्रामीणों ने पहचान लिया और उसे फिर से पीट दिया। पुलिस ने मौके से दो लोग पकड़े थे, तीन को रात में दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर प्रवेश कुमार सिंह के मुताबिक पकड़े गए आरोपितों में भोला निवासी गढ़ी तिवारी फीरोजाबाद, सुरेश निवासी नगरिया फतेहाबाद, रामजीलाल, प्रहलाद और अशोक शामिल हैं। पांचों आरोपितों को जेल भेज दिया है। अन्य आरोपितों की पहचान की जा रही है।
तीन दिन पहले मचा शोर
न्यू आगरा क्षेत्र के नगला बूढ़ी में साबुन बेच रहे युवकों को बच्चा चोर बताकर भीड़ ने पीट दिया था। इस मामले में सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल हुआ। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। वीडियो के आधार पर पुलिस ने कई आरोपित चिह्न्ति किए हैं। इनमें से नगला बूढ़ी निवासी सनी और दिलीप को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर न्यू आगरा राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि फेरी वालों से मारपीट करने के मामले में अन्य आरोपितों की पहचान की जा रही है।