आगरालीक्स…आगरा के शास्त्रीय गायक डां.सदानंद ब्रहमभटृ 31 दिसंबर को दक्षिण अमेरिका जाएंगे.
भारत सरकार के संस्कृति विभाग ने दिया आमंत्रण.
विदेश में लहराएंगे आगरा का परचम
आगरा के शास्त्रीपुरम, सिकंदरा निवासी डॉ. सदानंद ब्रह्मभट्ट विदेश में लहराएंगे आगरा का परचम. उनको शास्त्रीय संगीत के उन्नयन के लिए भारत सरकार के विदेश मंत्रालय, संस्कृति विभाग द्वारा अमेरिका जाने का मौका दिया जा रहा है. वह 31 दिसंबर को दक्षिण अमेरिकी देश त्रिनिदाद एंड टोबैगो के लिए रवाना होंगे. उनका राजधानी पोर्ट आफ स्पेन स्थित भारतीय उच्चायोग में एक वर्ष का प्रवास रहेगा और साथ ही वे वहां भारतीय शास्त्रीय संगीत, कला एवं संस्कृति का प्रचार एवं प्रसार करेंगे. इसी के साथ साथ वे विभिन्न मंचों पर प्रस्तुति के साथ-साथ वहाँ विदेशी छात्र-छात्राओं को शास्त्रीय गायन की शिक्षा भी देंगे.
देश के सम्मानित मंचों पर दे चुके है प्रस्तुति
डां सदानंद ब्रह्मभट्ट ने संगीत की विधिवत शिक्षा मूर्धन्य संगीत विद्वान स्व. पंडित गोपाल लक्ष्मण गुणे जी से प्राप्त की. वर्तमान समय में वे ग्वालियर, आगरा व जयपुर घराने के विश्वविख्यात शास्त्रीय गायक पद्मश्री पंडित उल्हास कशालकर जी से संगीत की विशेष शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं इसी के साथ वे पं. जीएल गुणे संगीत अकादमी के निदेशक है. वह पहले भी जर्मनी, आस्ट्रेलिया एवं चेक रिपब्लिक की यात्रा कर चुके हैं. ब्रह्मभट्ट को पंडित निखिल बनर्जी सम्मान, नाद साधक सम्मान, आदर्श गुरु सम्मान मिले हैं और उन्होने पाश्चात्य संगीतज्ञ योहान सेबास्तियन बाख़ पर शोध कार्य किया है. देश के सम्मानित मंचों पर वे प्रस्तुति दे चुके हैं और उनके काफी छात्र—छात्राएं देश-विदेश में है.