आगरालीक्स…अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार के इवेस्टर मीट को बताया धोखा. कहा—2024 का चुनाव आने वाला है, इस तरह के धोखे होते रहेंगे
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार का इन्वेस्टर मीट धोखा है। 2024 का चुनाव आ गया है, भाजपा सरकार जनता को धोखा देने के जगह-जगह इसी तरह का आयोजन कर दिखावा करेगी। भाजपा के मंत्री निवेश लाने नहीं, विदेश घूमने गए थे। सिर्फ एमओयू साइन होने का मतलब निवेश आना नहीं है। अखिलेश यादव आज रायबरेली में समाजवादी विधान मंडल दल उ0प्र0 विधानसभा के मुख्य सचेतक डा0 मनोज कुमार पाण्डेय की माताजी की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धांजलि अर्पित करने के उपरान्त मीडिया को संबोधित कर रहे थे।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के लोग दो सरकार में पुराने कारखाने नहीं चला पाए, चलते कारखाने बंद हो गए, ये लोग क्या इन्वेस्टमेंट लाएंगे। भाजपा सरकार 6 साल में कोई इन्वेस्टमेंट नहीं ला पायी। सरकार बताए कि निवेश किस औद्योगिक नीति से ला रही है? पिछले एमओयू साइन होने पर जो इन्वेस्टमेंट आया है उसमें कितनी इंडस्ट्री को इन्सेन्टिव दिया है। उन्होंने कहा अगर सरकार ने इन्सेंटिव नहीं दिया, बजट से पैसा नहीं दिया, कोई पालिसी नहीं थी, इसका मतलब जमीन पर कुछ नहीं उतरा। अखिलेश यादव ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी चरम सीमा पर है। भाजपा झूठ बोलने में नम्बर एक है। इस सरकार में किसी को भी काम नहीं मिल सकता। जनता भाजपा को जवाब देगी। भाजपा साफ हो जायेगी। भाजपा कानून और संविधान को नहीं मान रही है। जनता इनका सफाया करेगी। भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार बहुत बढ़ गया है। पुलिस को जो काम करना चाहिए, वह नहीं कर रही है उसके अलावा सब कर रही है। भाजपा सरकार महंगाई और बेरोजगारी पर जवाब नही देती। विपक्ष की आवाज दबाने के लिए भाजपा पुलिस को आगे कर रही है।