आगरालीक्स…(10 July 2021 Agra News) आगरा में सभी ब्लॉक सीटें भाजपा के नाम. 14 निर्विरोध जीतीं तो एक ब्लॉक पर सपा को दी करारी शिकस्त.
ब्लॉक प्रमुख चुनाव में आगरा में भाजपा का परचम लहराया है. आगरा के 15 ब्लॉक सीटें भाजपा के नाम रही हैं. 14 पर जहां भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख चुने गए तो वहीं बरौली अहीर सीट पर भाजपा के उत्तम सिंह ने सपा की सरिता को 50 वोटों से हरा कर विपक्ष का सूपड़ा साफ कर दिया.
बता दें कि जिले में कुल 15 ब्लॉक सीटें हैं जिनमें से 9 आरक्षित हैं तो 6 ब्लॉक अनारक्षित. यहां कुल 1257 क्षेत्र पंचायत सदस्य थे लेकिन भाजपा के लिए आसान ये रहा कि 14 ब्लॉक पर मतदान की नौबत ही नहीं आई. उसके सामने विपक्ष के किसी भी प्रत्याशी ने पर्चा नहीं भरा. हालांकि अन्य दलों का आरोप है कि भाजपा प्रत्याशियों ने नामांकन ही नहीं करने दिया और रास्ते में ही उनके पर्चे लूटकर फाड़ दिए.
बरौली अहीर सीट पर सपा की सरिता सिंह और भाजपा के उत्तम सिंह के बीच मुकाबला था. शनिवार को इस सीट पर मतदान हुआ. यहां 130 सदस्यों ने वोट डाले जिसमें से 90 वोट भाजपा के उत्तम सिंह को मिले और 40 सदस्यों ने सरिता के पक्ष में मतदान किया. शाम चार बजे मतगणना के बाद निर्वाचन अधिकारी ने भाजपा प्रत्याशी को विजयी घोषित करते हुए प्रमाण पत्र प्रदान किया.