आगरालीक्स…(10 July 2021 Agra News) आगरा में चिपचिपी वाली गर्मी पड़ रही है. उमस के कारण पसीना—पसीना हो रहा शरीर. बारिश को लेकर मौसम विभाग के फेल रहे पूर्वानुमान. अगले 24 घंटे अहम
लोग बोले—इस बार तो गर्मी ने रिकॉर्ड ही तोड़ दिया
आगरा में इस समय चिपचिपी गर्मी पड़ रही है और इसके कारण आगरावासी काफी परेशान है. उमस के कारण जरा सी देर में पसीना—पसीना शरीर हो रहा है. लोगों का कहना है कि इस साल तो गर्मी ने रिकॉर्ड ही तोड़ दिया. कम होने का नाम ही नहीं ले रही. न तो दिन में चैन मिल रहा है और न ही रात को आराम. लोग गर्मी से बुरी तरह व्याकुल हो रहे हैं. सुबह सात बजे से ही चिलचिलाती धूप निकल आती है. ऐसे में लोग दस बजे के बाद तो घर या आफिस से बाहर निकलना ही बंद कर देते हैं. जरूरी काम से जाने वाले पसीने में लथपथ दिखाई देते हैं.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान फेल
इधर गर्मी से परेशान आगरावासी इस समय बारिश के लिए दुआएं कर रहे हैं. लेकिन बारिश तो दूर की बात है बादल भी यहां ठीक से नहीं छा रहे हैं. मौसम विभाग के सारे पूर्वानुमान फेल साबित हो रहे हैं. मौसम विभाग आगरा में जून के अंतिम सप्ताह से ही बारिश की संभावना जता रहा है लेकिन आगरा में एक दो हल्की बूंदाबांदी को छोड़कर बारिश नहीं हुई. अभी भी मौसम विभाग का मानना है कि अगले 24 घंटे काफी अहम है. आगरा को बारिश से राहत मिल सकती है.