आगरालीक्स…बैंक में एक करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी में बैंक मैनेजर और कैशियर निलंबित. इंडियन बैंक की शाखा जसराना का मामला…चल रही जांच
आगरा मंडल के फिरोजाबाद जिले की जसराना स्थित इंडियन बैंक की शाखा में हुए एक करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी में डीजीएम ने बैंक मैनेजर और कैशियर को निलंबित कर दिया है. रविवार को डीजीएम शाखा पहुंचे और यहां शिकायकर्ताओं से मिलकर उनसे चर्चा की. उनसे धैर्य रखने को कहा और पैसा वापिस दिलाने का भरोसा दिलाया. कहा कि जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी.
ग्राहकों ने दर्ज कराई है शिकायत
इंडियन बैंक की शाखा जसराना में तैनात ब्रांच मैनेजर राघवेंद्र सिंह और कैशियर जयप्रकाश के साथ अन्य कर्मचारियों पर ग्राहकों ने एक करोड़ से अधिक की धनराशि को धोखाधड़ी से गायब करने का आरोप लगाया है. इस मामले में अभी तक 17 ग्राहक अपनी शिकायत ब्रांच में दर्ज करा चुके हैं. शनिवार के बाद रविवार को भी बैंक खुली. रविवार दोपहर अचानक डीजीएम तरुण विश्नोई बैंक पहुंचे और उन्होंने शिकायकर्ताओं से मुलाकात के बाद ब्रांच मैनेजर और कैशियर को निलंबित कर दिया है.