आगरालीक्स…आगरा में एक भिखारी की पोटली से प्वाइंट 9 एमएम की पिस्टल मिली है, पुलिस भिखारी से पूछताछ कर रही है, जांच में सामने आया है कि पिस्टल दिल्ली में तैनात एचसीपी की है। पिस्टल और पर्स उनके घर से चोरी हो गया था।
इंस्पेक्टर थाना रकाबगंज ने बताया कि शनिवार शाम को एक भिखारी को पिस्टल के साथ लोगों ने पकड़ा था। पुलिस के हवाले किया। भिखारी एक हाथ और पैर से दिव्यांग है। भिखारी ने अपना नाम बबलू बताया है।
भिखारी ने बताई कहानी
भिखारी ने पुलिस को बताया कि वह बिजलीघर स्थित पार्क में भीख मांग रहा था, वहां तीन युवक शराब पी रहे थे। भिखारी उनके पास गया। उसने युवकों से 10 रुपये मांगे। युवकों ने उसे कुछ रुपये दिए। उससे कहा कि नमकीन और पानी की बोतल ले आए। इसके बाद उसे पैसे दे देंगे। वो अपनी पोटली उनके पास रखकर चला गया। वापस आया तो युवक नहीं मिले। उसकी पोटली खुली हुई थी। उसमें पिस्टल रखी मिली। तभी लोगों ने उसे देख लिया। उसे पकड़ लिया।
पुलिस को भिखारी की बात पर यकीन नहीं है। उससे पूछताछ की जा रही है। जांच में सामने आया कि पिस्टल दिल्ली के लक्ष्मी नगर थाना में तैनात एचसीपी सत्यवीर सिंह की थी। गुरुवार को उनका पर्स और पिस्टल कमरे से चोरी हो गए थे। इस पर उनसे मुकदमे की कॉपी के साथ आने के लिए कहा गया है। दिल्ली पुलिस रविवार को आगरा आएगी।