आगरालीक्स…शादी में सात वचन लेने वाली दुल्हन 24 घंटे बाद ही हो गई रफूचक्कर.
आगरा मंडल के मथुरा जिले में शादी के बाद दुल्हन रफूचक्कर होने का मामला सामने आया है. नई नवेली दुल्हन दूल्हा सहित सभी ससुरालियों को नशीला पदार्थ खिलाकर अपने परिजनों के साथ फरार हो गई है. दुल्हन की काफी खोजबीन की गई लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला है. दूल्हा व उसके घरवालों की खुशियां चंद घंटों में ही काफूर हो गईं. उन्होंने इसकी शिकायत थाना पुलिस में की है.
ये है मामला
सौंख कस्बा में रहने वाले एक युवक की शादी सगे संबंधियों ने कराई थी. रिश्तेदार युवक बिचौलिया बनकर सोनभद्र की रहने वाली एक युवती रिश्ता लेकर आया. दोनों पक्षों के राजी होने के बाद शनिवार की शाम को कस्बा के एक मंदिर में दोनों की शादी कराई गई. मंडप के नीचे सात फेरे लेने के बाद एक दूसरे को वरमाला पहनाई और सात जन्मों तक साथ रहने की कस्में खाईं.
रात को दुल्हन ने खाने में कुछ नशीला पदार्थ मिला दिया और युवक के परिजनों को खिला दिया. दूल्हा सहित सभी घरवाले गहरी नींद में सो गए. रात को दुल्हन अपने परिजनों के साथ गायब हो गई. सुबह जब परिजन उठे तो न तो दुल्हन दिखाई दी और न ही दुल्हन के परिजन. काफी खोजबीन के बाद भी उनका कुछ पता नहीं चला. हारकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. बताया जाता है कि एक लाख रुपये युवती पक्ष को वर पक्ष ने दिए थे जिसके बाद शादी तय हुई थी.