आगरालीक्स.. आगरा से कारोबारी परिवार के आठ सदस्यों सहित गायब हैं, पांच दिन से उनका कोई पता नहीं चला है, मोबाइल स्विच आॅफ हैं, कारोबारी के भाई ने अनहोनी की आशंका पर थाना सिकंदरा में तहरीर दी है।
आगरा के शास्त्रीपुर, सिकंदरा में कारोबारी शैलेंद्र सिंघल रहते हैं, उनका दूध का काम है और डेयरी है। डेयरी के पास में ही उनकी कपड़े की दुकान भी है। शैलेंद्र के परिवार में उनकी पत्नी मेघा, तीन बेटे यश, भावेश, मनीष के साथ उनकी ससुराल पक्ष से सास ऊषा, साले आशीष और मनीष रह रहे थे। 15 जुलाई से शैलेंद्र और परिवार के आठ सदस्यों का किसी से संपर्क नहीं हुआ है। घर में कोई नहीं है, सामान और एक एक्टिवा खडी हुई है। आॅफ हैं। उनके भाई जितेंद्र ने अपने परिचित और रिश्तेदारी में भाई शैलेंद्र की तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चला। भाई जितेंद्र ने शुक्रवार रात को सिकंदरा थाने में तहरीर दी। उनका कहना है कि पांच दिन में उन्होंने सभी संभावित स्थानों पर तलाश कर ली है, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला है। एक साथ आठ सदस्यों के गायब होने से पुलिस महकमे में खलबली मच गई।
14 जुलाई को घर गए थे भाई
भाई जितेंद्र ने पुलिस को बताया कि कि 14 जुलाई को वे भाई शैलेंद्र के घर गए थे तब पूरा परिवार घर में था। दूसरे दिन दोपहर को वे वहां पहुंचे तो घर और दुकानों का ताला लगा मिला। उन्होंने सोचा कि भाई परिवार के साथ घूमने गए होंगे। शाम को उन्होंने मोबाइल पर कॉल की तो स्विच ऑफ था। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों के तीन और नंबरों पर कॉल करके देखा, लेकिन सभी मोबाइल स्विच ऑफ थे। जितेंद्र के एक भाई एमएम गेट क्षेत्र में रहते हैं और एक हैदराबाद में रहते हैं। केवल जितेंद्र ही शैलेंद्र के घर के पास रहते हैं। इसीलिए उनका आना-जाना रहता है। जितेंद्र ने तहरीर में अनहोनी की आशंका जताई है। उनकी तलाश को टीमें बनाई गई हैं। इंस्पेक्टर सिकंदरा अजय कौशल ने बताया कि कारोबारी के परिवार के आठ सदस्यों के लापता होने की तहरीर मिली है। उनकी तलाश की जा रही है।
