आगरालीक्स… आगरा के एक बडे होटल से दुल्हन की मां का बैग चोरी हो गया, बैग में हीरे की अंगूठी, ज्वैलरी सहित कैश था, सीसीटीवी में बैग ले जाते हुए एक किशोर दिखाई दे रहा है।
आगरा के फतेहाबाद रोड स्थित दि ताज विलास होटल में 15 नवंबर को शास्त्रीपुरम के निखिल उद्यान निवासी नरेंद्र श्रौत्रिय की बेटी की शादी थी। रात 12 बजे के करीब जयमाला हुई, इसके बाद बाराती और घराती डीजे पर डांस करने लगे। डांस कर रहे लोगों ने नरेंद्र की पत्नी पद्मा को डीजे पर बुला लिया, उन्होंने हाथ में लगे बैग को कुर्सी पर रख दिया। नरेंद्र, उनकी पत्नी सहित अन्य लोग डांस करने लगे।
सीसीटीवी में दिखाई दे रहा चोर
इसी बीच 15 साल का किशोर आया। वो कुर्सी से बैग को उठाकर ले गया। यह सीसीटीवी में कैद हो गया है, सीसीटीवी में बैग उठाने के बाद 15 साल का किशोर रिसेप्शन के पास के गेट से बाहर निकलता दिखाई दे रहा है। कुछ देर बाद बैग न मिलने पर परिजनों के होश उड गए, उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
हीरे की अंगूठी और कैश
बैग में 50 हजार रुपये, दो सोने की अंगूठी, एक हीरे की अंगूठी, सोने के कुंडल के साथ रिश्तेदारों की ओर से दिए गए लिफाफे रखे हुए थे। पुलिस ने फुटेज की मदद से आरोपी की तलाश की।
होटल की सुरक्षा पर सवाल
मुनेंद्र श्रोत्रिय ने आरोप लगाया कि होटल में गार्ड के साथ ही रिसेप्शन पर कर्मचारी बैठा हुआ था। होटल के स्टाफ ने किशोर को अंदर आने और जाने के दौरान कोई रोकटोक नहीं की। यह सब सीसीटीवी में भी दिख रहा है। इससे आशंका है कि कर्मचारियों की मिलीभगत से वारदात को अंजाम दिया गया है।